एनएचएम विभाग में पदस्थ बाबू महेश जमुनिया निलंबित।
- फोटो : अमर उजाला
सोशल मीडिया पर लोग अपने अश्लील और बेफिजूल के वीडियो डालकर लाइक्स और व्यूज प्राप्त करना चाहते हैं। शासकीय कर्मचारी भी इस मकड़जाल में उलझते जा रहे हैं। ऐसे ही एक मामला उज्जैन में सामने आया। जहां, सीएमएचओ कार्यालय के एनएचएम विभाग में पदस्थ बाबू महेश जमुनिया ने अपने कार्यालय में एक रील बनाई और सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दी।
एक रील में जमुनिया लोकगीत "तेरी नजर से नजर मिलाई, तूने नशीली ताड़ी बनाई..." पर डांस कर रहे हैं। इस दौरान वे अपने एक हाथ में लट्ठ और दूसरे हाथ में बिस्लरी की बोतल लिए नजर आ रहे हैं। पीछे दीवार पर ऑफिस के सूचना बोर्ड भी स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं। इसी तरह की दूसरी रील भी लोकगीत पर बनाई गई है, जिसमें जमुनिया लट्ठ घुमाने की कला का प्रदर्शन कर रहे हैं। दोनों रील ऑफिस में ही बनाई गई थीं। खास बात यह है कि रील को सोशल मीडिया पर अपलोड भी किया गया था।
बोतल लेकर नशे के गाने पर किया डांस
एनएचएम विभाग में कार्यरत बाबू महेश जमुनिया के यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। इसमें वह सीएमएचओ ऑफिस में हाथ में डंडा और बोतल लेकर "नजर से नजर मिला ले… मुझको थोड़ी सी ताड़ी पिला दे…" गाने पर डांस कर रहे हैं। महेश यहीं नहीं रुके, उन्होंने इंस्टाग्राम पर भी अपना डांस शेयर किया, जिसमें स्पष्ट रूप से पीछे सीएमएचओ ऑफिस में लगे सूचना बोर्ड नजर आ रहे हैं। वीडियो वारयल होने के बाद जुमानिया मुसीबत में फंस गए हैं।
सीएमएचओ ने किया निलंबित
सीएमएचओ डॉ. अशोक कुमार पटेल द्वारा मामले को संज्ञान में लेते हुए कार्रवाई की गई है। सीएमएचओ की ओर से जारी आदेश में कहा कि बाबू महेश जमुनिया नियमित भृत्य कार्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा सोशल मिडिया पर रील बनाए जाने से कार्यालय की छवि अत्यंत धूमिल हुई है। ऐसे में महेश जामुनिया को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाता है। निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी। इस दौरान उनका मुख्यालय सिविल अस्पताल बड़नगर रहेगा।