'कन्हैया ट्विटर पर आजा' गाने पर जूना अखाड़े को एतराज
- फोटो : अमर उजाला
यशराज फिल्म की द ग्रेट इंडियन फैमिली भले ही 22 सितंबर 2023 को पूरे देश के सिनेमाघरों में रिलीज होने को तैयार है। लेकिन इसके पहले गाने ने रिलीज होने के साथ ही बवाल मचा दिया है। इस गाने मे अभिनेता विक्की कौशल जगराते में गायक का किरदार निभाकर धोती, कुर्ता पहनकर भजन गायक के रूप में नाचते और गाते हुए नजर आ रहे हैं।
बता दें कि उनकी वेशभूषा और उनके नाचने गाने पर तो किसी को कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन जूना अखाड़ा के महामंडलेश्वर शैलेशानंद महाराज ने इस गाने के बोल जो कि कन्हैया ट्विटर पर आ जा है पर कड़ी आपत्ति लेकर कहा है कि क्या हमारे देवी देवता अब ट्विटर, फेसबुक और इंस्टाग्राम पर आने के लिए ही बचे हैं।
हिंदू देवी देवताओं का ही क्यों मनाया जा रहा मजाक - शैलेशानंद जी महामंडलेश्वर
जूना अखाड़ा के महामंडलेश्वर शैलेशानंद महाराज ने इस गाने पर आपत्ति लेते हुए कहा है कि विचित्र सी बात है ट्विटर पर आजा... फेसबुक पर आजा.... वर्चुअल वर्ल्ड पर आजा... आखिर यह क्या है। जबकि इस पूरी सृष्टि को भगवान श्री कृष्ण व श्री विष्णु ने ही बनाया है, फिर इन्हें ट्विटर फेसबुक पर बुलाने का क्या अर्थ है। न जाने क्या-क्या बातें चल रही हैं। फिल्म इंडस्ट्रीज में हमने सेंसर बोर्ड को पूर्व में भी चेतावनी दी थी कि सनातन धर्म पर कुछ लिखने प्रसारित करने प्रदर्शित करने के पहले सनातन धर्म के विशेषज्ञों से अनुमति ली जाए और समीक्षा करवाई जाए। लेकिन वर्तमान में जो भी चल रहा है, उससे सभी सनातनी आक्रोशित हैं। क्योंकि पहले आदिपुरुष फिर ओ माय गॉड 2 और अब यह लोग भगवान श्रीकृष्ण पर आ गए हैं।
उन्होंने बताया कि आपको अपनी प्रतिभा व मौलिक लेखनी का परिचय देना चाहिए। लेकिन वर्तमान में हर कोई अपनी मौलिकता का परिचय देने की बजाय हमारे देवी-देवताओं का लगातार मजाक बना रहे हैं, जो कि उपयुक्त नहीं है। कलाकार व निर्देशकों को यह सोचने की आवश्यकता है कि कहीं वह जाने अनजाने में किसी सांस्कृतिक षड्यंत्र का हिस्सा तो नहीं हो रहे हैं। यह चिंतनीय बात ही नहीं एक प्रश्न चिन्ह भी है। मैं यह चाहूंगा कि शीघ्र अतिशीघ्र इसकी जो पुनरावृत्ति हो रही है, बार-बार इसकी रिपीटेशन हमारे गीतों के अंदर पटकथा के अंदर हो रहा है, इसे रोका जाए। यही हमारे सनातन राष्ट्र के लिए अच्छा होगा।