उज्जैन में बड़नगर विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 218 की जीत के लिए भारतीय जनता पार्टी के चाणक्य ने काफी विचार मंथन के बाद इस सीट को जीतने के लिए क्षेत्र से छह बार विधायक रहे उदय सिंह पंडया के पुत्र जितेंद्र सिंह पंड्या पर भरोसा जताया है। इस विधानसभा से चुनाव लड़ने के लिए अब तक पूर्व विधायक मुकेश पंडया, पूर्व विधायक शांतिलाल धबाई, संजय शर्मा, कुलदीप सिंह बना, तेज सिंह राठौड़ के साथ ही जितेंद्र सिंह पंडया का नाम भी चल रहा था। लेकिन पार्टी ने जितेंद्र सिंह पंडया को अपना प्रत्याशी बनाकर इस बार उन पर अपना भरोसा जताकर यह कामना की है कि जिस सीट पर कांग्रेस का कब्जा है, उस पर फिर एक बार भारतीय जनता पार्टी विजय श्री होगी।
भारतीय जनता पार्टी के द्वारा उम्मीदवार बनाए गए जितेंद्र सिंह पंडया के बारे में बताया जाता है कि वह लगातार 15 वर्षों से क्षेत्र में सक्रिय होकर कार्य कर रहे थे। उनके द्वारा विधानसभा कमल वाहिनी के संयोजक, नगर युवा मोर्चा महामंत्री, नगर पालिका बड़नगर मे पूर्व पार्षद, पर्यावरण प्रकोष्ठ भाजपा मे जिला संयोजक, प्रदेश कार्य समिति सदस्य भारतीय जनता युवा मोर्चा सदस्य के साथ ही वर्तमान में शासकीय महाविद्यालय जनभागीदारी अध्यक्ष, जिला कार्य समिति सदस्य भारतीय जनता पार्टी, जिला ग्रामीण सदस्य के साथ ही सामाजिक क्षेत्र में वंदे मातरम जनसमूह संस्थापक, राष्ट्रीय सदभावना मैराथन दौड़, पूर्व प्रांतीय संगठन मंत्री ब्राह्मण युवा महासभा में सक्रिय रहकर कार्य कर रहे थे।
नए चेहरे को टिकट मिलने पर सभी खुश
बड़नगर विधानसभा से जितेंद्र सिंह पंडया को भारतीय जनता पार्टी द्वारा अपना प्रत्याशी बनाने के बाद भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं मे खुशी का माहौल है। टिकट वितरण के पहले तक भले ही भाजपा के पदाधिकारी विधानसभा से टिकट लाने के लिए प्रयासरत रहे हों, लेकिन जब जितेंद्र सिंह पंडया को यह टिकट दे दिया गया तो फिर सभी ने उन्हें बधाई दी।