मां का दर्जा भगवान से भी ऊपर रखा जाता है। उसकी ममता के आगे सब फीके हैं...लेकिन जब मां ही बच्चों की कातिल बन जाए तो क्या कहेंगे। यह खबर जब आप पढ़ेंगे तो रूह कांप जाएगी। मां ने ही तीन माह की बेटी को अपने घर की छत पर बनी पानी की टंकी में डूबोकर मार डाला। नवजात को मारने से पहले मां ने यूट्यूब पर यह सर्च किया था कि पानी में डूबने से कितनी देर में मौत हो जाती है। उसकी यही सर्च पुलिस के लिए सबूत बनी और उसे सलाखों में पहुंचा दिया गया।
यह हैरान करने वाली घटना उज्जैन जिले के खाचरौद की है। यहां तीन माह की बच्ची की हत्या के आरोप में उसकी मां स्वाति को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इधर मां का दावा है कि उसने हत्या नहीं की, लेकिन पुलिस को उसके मोबाइल से मिली डिटेल के आधार पर उसी पर शक गया और उससे पूछताछ की जा रही है।
तीसरी मंजिल पर है पानी की टंकी
घटना 12 अक्तूबर की है। खाचरौद में तीन माह की बच्ची वीरति की रहस्यमयी तरीके से मौत हो गई थी। उसका शव मकान की तीसरी मंजिल पर पानी की टंकी में मिला था। घर वाले बच्ची को घर में न पाकर घबरा गए थे। बच्ची के पानी की टंकी में गिरने को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे थे। आखिर तीन माह की बच्ची तीसरी मंजिल पर पानी की टंकी में कैसे गिर सकेगी। आखिर मामला पुलिस तक पहुंचा तो जांच शुरू की। घरवालों के बयान लिए गए। सबका शक बच्ची की मां पर गया। घटना के दिन ही करीब डेढ़ बजे दादा-दादी ने बच्ची को देखा था। इसके 20 मिनट बाद बच्ची गायब हो गई थी। हैरानी यह भी थी कि घटना के दौरान घर पर कोई आया गया भी नहीं था। मां ही छत पर गई थी।
हत्या से इनकार करती रही, पर मोबाइल ने खोल दिया राज
बताया जा रहा है कि स्वाति का विवाह अर्पित से 2019 में हुआ था। इसी साल जुलाई माह में स्वाति ने बेटी की जन्म दिया था। मामले को सुलझाते हुए जब पुलिस के पास सारे तथ्य पहुंचे तो आरोपी स्वाति को हिरासत में लिया गया। वह हत्या से इनकार करती रही, लेकिन पुलिस ने उसका मोबाइल देखा तो चौंकाने वाली जानकारी मिली। महिला ने यूट्यूब पर सर्च किया था कि पानी में डूबने से कैसे मौत होती है। किस तरफ मुंह रखा जाना चाहिए। मोबाइल में मौत के तरीके मिलने पर पुलिस का शक गहरा गया।
दो दिन पहले यू टयूब पर किया था सर्च
स्वाति ने 10 अक्तूबर को यू टयूब पर यह सर्च की थी कि पानी में डूबने से मौत कैसे होती है। बच्ची की मौत 12 अक्टूबर को हुई। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर महिला ने ऐसा कदम क्यों उठाया। क्या दिमागी हालत खराब होना इसकी वजह है या पारिवारिक कलह। इसका भी पता लगाया जा रहा है।
बेटे की चाह थी स्वाति को
पड़ताल में यह बात भी सामने आ रही है कि स्वाति को बेटे की चाहत थी। इसलिए जब बेटी ने जन्म लिया तो वह उससे घृणा करने लगी। पति ने कुछ दिन पहले ही नया मोबाइल दिलाया था, उसी में देखकर उसने गूगल अकाउंट बनाया और यूट्यूब से हत्या का तरीका सीखा। पुलिस गिरफ्त में आने के बाद से वह हत्या से इनकार करती रही, लेकिन पुलिस को मिले सबूतों के आधार पर उसे आरोपी बनाया।