मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह योजना अंतर्गत आज देवप्रबोधनी एकादशी पर नगर निगम द्वारा 38 जोड़ों का सामूहिक कन्या विवाह समारोह उज्जैन नगर निगम परिसर में आयोजित किया जा रहा है। लेकिन आयोजन के लिये छापे गये आमंत्रण कार्ड में प्रभारी सदस्य गरीबी उपशमन प्रकोष्ठ का नाम नहीं छापा गया, लिहाजा इस पर जब बवाल मचा तो फिर से दूसरा आमंत्रण कार्ड छपवाया गया। ऐसी ही गलती पूर्व में सफाई कामगारों के आयोजित समारोह में भी कर दी गई थी। लिहाजा दूसरा आमंत्रण कार्ड छपवाना पड़ा था। लगता है कि निगम के अधिकारी लंबी नींद में सो रहे हैं।
आज नगर निगम परिसर में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया जा रहा है। व्यवस्थाएं देखने के लिये अधिकारियों द्वारा आयोजन स्थल का निरीक्षण भी किया जाकर निर्देश प्रदान कर दिये गये थे। निरीक्षण के दौरान निगम आयुक्त द्वारा संबंधित विभागों को निर्देश प्रदान कर विवाह आयोजन गरिमामय रूप में करने के निर्देश दे दिये गये थे। साथ ही आमंत्रण से लेकर वर वधुओं ओर उनके परिवार जनों को आमंत्रित किये जाने और वर वधुओं को शासन की ओर से दी जाने वाली 49,000 की राशि के चेक, विवाह हेतु पंडित की व्यवस्था इत्यादि समस्त व्यवस्थाएं भी जमाने के निर्देश दिये थे।
निगम अध्यक्ष कलावती यादव द्वारा जोड़ों एवं उनके परिवार जनों को किसी भी प्रकार की समस्या ना हो इस बात का विशेष ध्यान रखा जाने और विवाह उपरांत आयोजन स्थल पर ही विवाह पंजीयन की कार्रवाई की जाकर विवाह प्रमाण दिए जाने की व्यवस्था करने के निर्देश दिये थे। निरीक्षण के दौरान एमआईसी सदस्य जितेंद्र कुवाल, अपर आयुक्त पवन कुमार सिंह, उपायुक्त मनोज मौर्य, सहायक आयुक्त प्रदीप सेन, समग्र सुरक्षा अधिकारी रुचि मिश्रा उपस्थित रही थीं।
आमंत्रण कार्ड में एमआईसी सदस्य का नाम गायब
नगर निगम द्वारा पहला आमंत्रण कार्ड छपवाया गया, उसमें प्रभारी सदस्य गरीबी उपशमन प्रकोष्ठ जितेन्द्र कुवाल का नाम गायब कर दिया गया। कार्ड में केवल अध्यक्षता मुकेश टटवाल महापौर, नगर पालिक निगम, उज्जैन, विशिष्ट आतिथ्य अनिल फिरोजिया सांसद उज्जैन-आलोट संसदीय क्षेत्र, बालयोगी उमेशनाथ महाराज सांसद राज्यसभा, अनिल जैन कालूहेड़ा विधायक उज्जैन-उत्तर, कलावती यादव, निगम अध्यक्ष, नगर पालिक निगम, उज्जैन, विवेक जोशी जिलाध्यक्ष, भाजपा नगर जिला उज्जैन, रवि राय नेता प्रतिपक्ष, नगर पालिक निगम, उज्जैन का ही नाम छपवाया गया था। लेकिन विरोध होने के बाद जितेन्द्र कुवाल प्रभारी सदस्य, शहरी गरीबी उपशमन प्रकोष्ठ की गरिमामयी उपस्थिति में कार्यक्रम सम्पन्न होगा मजमून को लेकर दूसरा आमंत्रण कार्ड छपवाना पड़ा।
निगम अधिकारियों की दूसरी गलती
दीपावली से पूर्व सफाई कामगारों के लिये आयोजित समारोह के लिये आमंत्रण कार्ड छपवाये गये थे। यहां पर भी निगम अधिकारियों ने गलती करते हुए इसमें एमआईसी सदस्य सत्यनारायण चौहान का नाम नहीं छपवाया था। विरोध होने पर फिर से दूसरा आमंत्रण कार्ड छपवाया गया। बताया जाता है कि यह भी राजनीति नूराकुश्ती का ही परिणाम है।