सोशल मीडिया फ्रेंडशिप से शुरू हुए अपहरण एवं फिरौती के खेल में शामिल हनी ट्रैप की सुंदरियों को पुलिस ने उनके पूरे गिरोह के साथ न्यायालय में पेश कर दिया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है, लेकिन इस गिरोह को लेकर अब नए नए खुलासे हो रहे हैं कि अपहरण और फिरौती के मामले में पकड़ाई ये सुंदरियां पहले भी एक रात की दुल्हन बनकर ससुराल वालों को लूट चुकी हैं। हाल ही में इन्हीं आरोपियों के खिलाफ शाजापुर में धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज हुआ है। अब शाजापुर पुलिस प्रोडक्शन वारंट पर इन्हें भैरवगढ़ जेल गिरफ्तार कर ले जा सकती है।
एक साल पहले भारती ने उंडासा में ससुरालियों को लूटा - कृतिका जैन के साथ भारती लोधी नामक युवती भी गिरफ्तार हुई है। भारती ने साल भर पहले उंडासा के महिपाल नामक युवक से शादी की थी। यह शादी भी आरोपी पुष्पा जैन ने 2 लाख रुपए में तय करवाई थी। भारती शादी के कुछ ही दिन बाद महिपाल के घर से आधी रात को उसकी लोअर और टीशर्ट पहनकर भाग गई थी। रात्रि गश्त में पुलिस ने उसे अकेले जाते देख पूछताछ की तो वो भ्रमित करने वाली कहानियां गढ़ने लगी थी। पुलिस ने उसे वन स्टॉप सेंटर में रखा। हालांकि महिपाल की तरफ से शिकायत नहीं की गई थी इसलिए कोई प्रकरण दर्ज नहीं हुआ था। अब पुलिस महिपाल से संपर्क कर रही है।
दमोह में 4.5 लाख की ठगी की - आरोपी कृतिका जैन का विवाह पुष्पा जैन ने दमोह में भी करवाया था। यहां से भी कृतिका पहली रात में ही गायब हो गई थी। यहां से इन लोगों ने गहने व नगदी मिलाकर करीब 4.5 लाख रुपए की ठगी की थी। अब उज्जैन पुलिस सभी थानों से संपर्क कर इनके आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है।
शाजापुर से जेवरात लेकर फरार, केस दर्ज - सीताराम पिता धनसिंह विश्वकर्मा ने कोतवाली पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि उसके बेटे विपिन विश्वकर्मा का विवाह नहीं हो रहा था। तभी किसी ने उसे जबलपुर निवासी अनुजा जैन का रिश्ता बताया और अनुजा की मां पुष्पा जैन का मोबाइल नंबर दिया था। इसके बाद अनुजा से विपिन का रिश्ता तय हो गया । विपिन जैन के साथ भी अनुजा ने धोखाधड़ी की। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। सीताराम ने बताया कि जब पुष्पा जैन अपनी बेटी मुस्कान व अनुजा के साथ चिमनगंज थाना उज्जैन मे अपहरण के मामले मे गिरफ्तार हुई है। तब पता चला कि हमारे साथ धोखा हुआ है।