गृहमंत्री ने महाकाल मंदिर से वायरल रील पर जांच के आदेश दिए
- फोटो : सोशल मीडिया
मध्यप्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने मंगलवार को प्रेसवार्ता के दौरान उज्जैन स्थित महाकाल मंदिर में रील बनाने के मामले पर कलेक्टर और एसपी को जांच के आदेश दिए हैं। गृहमंत्री ने मीडिया से चर्चा में कहा कि मेरी उन बच्चियों से विन्रम प्रार्थना है कि वीडियो बनाने के कुछ और भी स्थान हो सकते हैं, पवित्र स्थानों को छोड़ें। हम पहले भी कह चुके हैं कि इस तरह की कोई भी स्थित या घटना बर्दाश्त नहीं की जाएगी और न ही धार्मिक आस्थाओं से किसी को खिलवाड़ करने दिया जाएगा। वीडियो करीब छह माह से ज्यादा पुराना प्रतीत हो रहा है। महाकाल मंदिर प्रबंधन की ओर से भी कोई शिकायत नहीं मिली है। हमने कलेक्टर एसपी को जांच के लिए बोला है।
दरअसल सोमवार को महाकाल मंदिर से जुड़े दो अलग-अलग वीडियो सामने आए थे, जो कि फिल्मी गानों पर बने थे। एक वीडियो में युवती गर्भगृह में बाबा महाकाल का अभिषेक करती नजर आ रही थी, तो दूसरी युवती मंदिर परिसर में नाचते हुए दिख रही है। महाकाल मंदिर में डांस के वीडियो शूट करने पर पुजारियों ने भी आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि फिल्मी गाने-डांस के वीडियो को मंदिर से जोड़कर बनाना आपत्तिजनक है। मंदिर के प्रमुख महेश पुजारी ने अधिकारियों को भी सूचना दी है। उनका कहना है कि ऐसे वीडियो बार-बार सामने आ रहे हैं। सोशल मीडिया पर ऐसे वीडियो पोस्ट करने से महाकाल मंदिर की छवि धूमिल होती है। कलेक्टर ने मामले पर जांच की बात कही थी। मंदिर प्रबंध समिति ने भी इसकी जांच शुरू कर दी है। वहीं, मंगलवार को प्रदेश के गृहमंत्री मिश्रा ने भी वीडियो की जांच की बात कही है। महाकाल मंदिर में फिल्मी गानों पर बने कई वीडियो पहले भी सामने आ चुके हैं।