CM सिटी में सीएम राइस स्कूल के हाल
- फोटो : अमर उजाला
प्रदेश भर में बनाए गए CM राइस स्कूल में अभिभावक अपने बच्चों को यही सोचकर पढ़ाई लिखाई करने पहुंचाते हैं कि बच्चे प्राइवेट स्कूलों की तरह ही यहां पर शिक्षा ग्रहण कर पाएंगे और अधिकतर स्कूलों में यह होता भी है। लेकिन CM की सिटी उज्जैन में इन दिनों एक ऐसा वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें मासूम बच्चे स्कूलों में पढ़ाई करते नहीं, बल्कि स्कूल बस को धक्का लगाते हुए दिखाई दे रहे हैं।
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के गृह क्षेत्र उज्जैन में कुल तीन CM राइस स्कूल संचालित किए जाते हैं, जिसमें से एक CM राइस स्कूल शासकीय उच्चतर माध्यमिक जाल सेवा अशोक नगर, शासकीय उच्चतर माध्यमिक महाराजवाड़ा स्कूल नागझरी और शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जीवाजीगंज में संचालित होता है। इन स्कूलों को मध्यप्रदेश सरकार द्वारा भारत सरकार की नई शिक्षा पॉलिसी के तहत संचालित किया जाता है। जहां पर केजी फर्स्ट से लेकर 12वीं तक के बच्चों को ऐसी सभी सुविधा उपलब्ध करवाई जाती है। जैसे कि प्राइवेट स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों को प्राप्त होती है।
स्कूल में पढ़ने वाले बच्चे भी प्राइवेट स्कूलों की तरह ही बस में बैठकर ही स्कूल पहुंचते हैं। लेकिन इन दिनों एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें CM राइस स्कूल की बस को कुछ बच्चे धक्का लगाते हुए दिखाई दे रहे हैं। यह वीडियो कब का है, यह तो पता नहीं लेकिन यह वीडियो उज्जैन का ही है। इस बात की पुष्टि जरूर होती है। सिर्फ 23 सेकेंड के इस वीडियो की पड़ताल करने पर पता चलता है कि यह वीडियो मक्सी रोड क्षेत्र का है। जहां पर बस के खराब होने पर ड्राइवर ने स्कूल के बच्चों से ही धक्का लगवा लिया। इस बारे में जब जिला शिक्षा अधिकारी आनंद शर्मा से चर्चा की गई तो उनका कहना था कि इस वीडियो की जानकारी मुझे लगी है। इसकी जांच करवाई जाएगी और जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।