रोजगार सहायक पैदल चलकर पहुंचे महाकाल के दरबार।
- फोटो : अमर उजाला
135 किलोमीटर की यात्रा पूरी कर राजगढ़ जिले की जनपद पंचायत जीरापुर से सैकड़ों ग्राम रोजगार सहायक मंगलवार को उज्जैन पहुंचे। बाबा महाकाल के दर्शन कर उनसे निवेदन किया कि सरकार और उसके नुमाइंदों को ग्राम रोजगार सहायकों को नियमित करने की 2018 की घोषणा को याद दिलाएं। साथ ही ग्राम रोजगार सहायकों को जो वेतन दिया जा रहा है, उसे बढ़ाकर 30 हजार रुपये प्रतिमाह किया जाए।
मंगलवार सुबह भगवा कपड़े पहनकर बाबा महाकाल के भजनों पर झूमते हुए सैकड़ों लोग महाकाल मंदिर की ओर जा रहे थे। जब इन लोगों से चर्चा की गई तो उनका कहना था कि 135 किलोमीटर की पैदल यात्रा कर हम उज्जैन पहुंचे हैं। बाबा महाकाल के दर्शन कर हम गुहार लगाएंगे कि हमें नियमित करो। वेतन विसंगति दूर करो। ग्राम रोजगार सहायक राजगढ़ के जिलाध्यक्ष सागर सिंह गुर्जर ने कहा कि हमारी नियुक्ति होने के बाद से लगातार हम वेतन विसंगति को दूर करने के लिए मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री से लेकर हर जिम्मेदार को ज्ञापन दे रहे हैं। आंदोलन भी कर चुके हैं। फिर भी हमारी मांगों को कोई पूरा करने को तैयार नहीं है। हम बाबा महाकाल के दरबार में आए हैं। वे ही अब हमारी समस्याओं का निदान करेंगे। सागरसिंह गुर्जर ने यह भी बताया कि ग्राम रोजगार सहायक केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं का हर कार्य करता है। हमारे साथ ही वेतन को लेकर भेदभाव किया जा रहा है। वर्तमान में ग्राम रोजगार सहायकों को प्रतिमाह 9000 और प्रतिदिन 300 का वेतन दिया जाता है। हमसे ज्यादा वेतन तो मजदूरी करने वाले लोगों को प्रतिदिन 500 रुपये मिलता है। ग्राम रोजगार सहायक महाकाल मंदिर पहुंचने के दौरान बाबा महाकाल हमें नियमित करो, जैसे नारे लगा रहे थे।