देवास जिले के खातेगांव में ड्यूटी पर तैनात पुलिस इंस्पेक्टर की गाड़ी से कुचलकर की गई निर्मम हत्या ने पूरे प्रदेश को हिलाकर रख दिया है। इस जघन्य हत्याकांड के विरोध में मंगलवार को उज्जैन में कांग्रेस सड़क पर उतर आई। शहर के हृदय स्थल टावर चौक पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विशाल मानव शृंखला बनाकर प्रदेश सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान टावर चौक पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एक-दूसरे का हाथ पकड़कर मानव शृंखला में खड़े हुए और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पूरे इलाके में कांग्रेस के झंडे-बैनर और 'न्याय दो' के नारे गूंजते रहे। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे कांग्रेस जिलाध्यक्ष एवं विधायक महेश परमार ने प्रदेश सरकार पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। ईमानदारी से अपना फर्ज निभाने वाले अधिकारियों को सुरक्षा देने के बजाय अपराधी उन्हें मौत के घाट उतार रहे हैं।
आज पुलिस भी सुरक्षित नहीं है, तो आम आदमी का क्या होगा?
प्रदर्शन में शामिल शहर कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश भाटी, नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष रवि राय, कांग्रेस के तमाम पार्षदों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में मांग की कि देवास हत्याकांड के दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाए। साथ ही पीड़ित परिवार को न्याय और सुरक्षा मिले तथा प्रदेश में बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर सरकार जवाब दे।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि राज्य में बेखौफ घूम रहे अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि अब वे पुलिस प्रशासन को भी निशाना बनाने से नहीं हिचक रहे हैं। प्रदर्शन के अंत में कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि इस मामले में निष्पक्ष जांच कर सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा और पूरे जिले में प्रदर्शन किया जाएगा।
ये भी पढ़ें- एमपी: सागर एसपी पद से हटाए जाने के चार दिन बाद आईपीएस सुजानिया का इस्तीफा, सीएम की पुलिस मुख्यालय में बैठक
पुलिस इंस्पेक्टर की गाड़ी से कुचलकर निर्मम हत्या की गई थी
देवास जिले के खातेगांव में पुलिस इंस्पेक्टर की गाड़ी से कुचलकर निर्मम हत्या कर दी गई। आरोप है कि अपराधियों ने जानबूझकर पुलिस अधिकारी को निशाना बनाया। इस घटना ने प्रदेश में कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस महकमे में भी इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश है।
ऐसे किया विरोध
ऐसे किया विरोध