पिछले साल सितंबर 2023 में धार्मिक नगरी उज्जैन में एक नाबालिग के साथ दुष्कर्म का मामला काफी सुर्खियों में छाया था। इसमें बड़नगर रोड पर स्थित दंडी आश्रम के आचार्य राहुल शर्मा द्वारा दुष्कर्म पीड़िता की मदद करने पर उनके इस कार्य को काफी सराहा गया था।
बता दें कि पुलिस ने आचार्य राहुल शर्मा को यह कार्य करने पर हीरो भी बनाया था। लेकिन इस मामले को हुए अभी एक साल भी नहीं बीता है कि वही आचार्य राहुल शर्मा अब खुद यौन शोषण के मामले में उलझ चुके हैं, जिन्हें जेल जाना होगा।
पिछले साल 2023 सितंबर को सतना की किशोरी के साथ आटो चालक द्वारा किए गए दुष्कर्म के मामले में आचार्य राहुल शर्मा मीडिया में फेमस हुआ था। सबसे पहले उसी ने मीडिया मे आकर बयान दिया था कि खून से लथपथ और चंद कपड़ों से शरीर को छुपाने वाली पीड़िता की मदद उसी ने की थी। आचार्य राहुल शर्मा ने बच्ची के कपड़े फटे होने और बुरी हालत में देखने के बाद अपना शॉल उसे ओढ़ाया था व पुलिस को सूचना दी थी।
साथ ही यह भी बताया था कि वह मोहनपुरा का रहने वाला है और विवाहित है। लेकिन नाबालिग की मदद करने वाले आचार्य राहुल शर्मा अब खुद यौन शोषण के आरोप में घिरे हुए हैं, जिन पर उनके आश्रम में शिक्षा ग्रहण करने वाले बटुकों ने ही यौन शोषण के आरोप लगाए हैं। वैसे इस मामले में अब तक तीन नाबालिग बच्चों की शिकायत पर यह कार्रवाई हुई है। लेकिन एसआईटी की टीम लगातार बटुकों के साथ ही यहां काम करने वाले अन्य लोगों के बयान लेकर इस पूरे मामले की सच्चाई जानने में लगी हुई है।