उज्जैन खड़े हनुमान की प्रतिमा और उसमें पड़ी दरारें
- फोटो : अमर उजाला
धार्मिक नगरी उज्जैन के छत्री चौक के पास स्थित प्रसिद्ध खड़े हनुमानजी की प्रतिमा एक बार फिर विवादों और चर्चाओं के केंद्र में आ गई है। श्रद्धालुओं और मंदिर से जुड़े लोगों ने प्रतिमा में दरारें आने तथा पीछे की ओर प्लास्टर उखड़ने का दावा किया है, जिससे भक्तों में चिंता और नाराजगी का माहौल है।
खड़े हनुमान भक्त मंडल के सदस्यों के मुताबिक, प्रतिमा के पिछले हिस्से और पीछे की दीवार से प्लास्टर उखड़कर गिरा है, साथ ही प्रतिमा के बीच के हिस्से में भी दरारें देखी जा रही हैं। सदस्यों का दावा है कि आसपास होने वाली तेज ध्वनि, शोर-शराबे और कंपन के चलते प्रतिमा को नुकसान पहुंचा है। वहीं, बजरंग दल से जुड़े शालू यादव पार्षद शिवेंद्र तिवारी ने आरोप लगाया कि पहले मंदिर का मूल ढांचा गिराया गया और प्रशासन की ओर से कई बार प्रतिमा की स्कैनिंग भी कराई गई, जिससे इसकी स्थिति प्रभावित हुई है। उनका कहना है कि इस संबंध में प्रशासन से कई बार शिकायत की गई, लेकिन कोई ठोस ध्यान नहीं दिया गया। भक्तों ने आशंका जताई है कि प्रशासन बार-बार प्रतिमा को मूल स्थान से हटाने या कहीं और स्थापित करने की कोशिश कर रहा है।
ये भी पढ़ें-
पुलिस जवान ने पत्नी से की जमकर मारपीट, दीवार पर दे मारा सिर; एमपीपीएससी की तैयारी करने से भी रोकता है
टेंट में विराजमान हैं हनुमानजी, जांच रिपोर्ट का इंतजार
मंदिर का मुख्य ढांचा हटाए जाने के बाद प्राचीन प्रतिमा की सुरक्षा के लिए उसके ऊपर अस्थायी कैनोपी (टेंट) लगाया गया है, जिसके नीचे प्रतिमा विराजमान है। श्रद्धालु इसकी तुलना अयोध्या में राम मंदिर निर्माण से पहले की स्थिति से करते हुए प्रतिमा को मूल स्थान पर ही सुरक्षित रखने की मांग कर रहे हैं। मंदिर से जुड़े रूपेश ठाकुर के अनुसार, मुख्य ढांचा हटाए जाने के तीन महीने बाद रविवार सुबह करीब 6 बजे प्रशासनिक टीम विशेष इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के साथ मंदिर पहुंची थी। टीम ने आसपास रखी सामग्री हटवाकर करीब आधे से पौने घंटे तक स्कैनिंग की और पुजारी की मौजूदगी में जांच प्रक्रिया पूरी की। इससे पहले 29 सितंबर को भी टीम के पहुंचने की बात कही गई है, लेकिन पूर्व की जांच रिपोर्ट अब तक सार्वजनिक नहीं की गई है। फिलहाल नुकसान के वास्तविक कारणों चाहे वह तेज ध्वनि व कंपन हो या कोई अन्य तकनीकी वजह—को लेकर स्थानीय प्रशासन या मंदिर के पुजारी की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। सभी की निगाहें प्रशासनिक जांच के निष्कर्ष और प्रतिमा के संरक्षण को लेकर उठाए जाने वाले कदमों पर टिकी हैं।
प्रतिमा में इस प्रकार की दरार आने का किया जा रहा दावा
प्रतिमा में इस प्रकार की दरार आने का किया जा रहा दावा
प्रतिमा में इस प्रकार की दरार आने का किया जा रहा दावा