महाकाल की सवारी में शामिल होंगे सीएम
- फोटो : अमर उजाला
सावन मास के तीसरे सोमवार पर उज्जैन में निकलने वाली बाबा महाकाल की सवारी में सोमवार को सीएम शिवराज सिंह चौहान भी शामिल होंगे। सीएम शिवराज ने सोशल मीडिया में ट्वीट कर इसकी जानकारी दी।
स्कूलों की छुट्टी रहेगी
सावन का तीसरा सोमवार होने के चलते मंदिर के आसपास श्रद्धालुओं की काफी भीड़ रहेगी, जिसे देखते हुए कलेक्टर ने मंदिर के पास स्थित स्कूलों की आज छुट्टी घोषित की है। इन स्कूलों ंमें शासकीय कन्या उमा विद्यालय सराफा, शासकीय उमा विद्यालय महाराजवाड़ा क्रमांक 2, शासकीय उमा विद्यालय महाराजवाड़ा क्रमांक 3, शासकीय उमा विद्यालय माधवगंज स्कूल में कक्षा पहली से 12वीं तक के छात्रों को स्कूल की छुट्टी दी गई है। सोमवार को छुट्टी दिए जाने के चलते जिला प्रशासन ने रविवार की छुट्टी को निरस्त कर दिया था।
शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी
एक अगस्त को सावन की तीसरा सोमवार और 2 अगस्त को नागपंचमी होने के चलते बड़ी संख्या में श्रद्धालु महाकाल धाम पहुंच रहे हैं। लोगों की अधिकता होने के चलते होटल संचालक उनसे मनचाहा किराया वसूल रहे हैं, वहीं ऑटो चालक भी दर्शनार्थियों से अधिक पैसा ले रहे हैं। दर्शनार्थियों के साथ हो रही बदसलूकी और पैसा ऐंठने की घटनाओं पर लगाम कसने के लिए जिला प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर 7049119001 जारी किया है, इस नंबर पर व्हाट्सअप भी उपलब्ध है, जिस पर दर्शनार्थी होटल संचालक और ऑटो चालक की शिकायत दर्ज करा सकेंगे। जिला प्रशासन ने दोषी ऑटो चालकों का लायसेंस रद्द करने और होटल बंद करने की कार्रवाई करने की बात कही है।