शहर के शास्त्रीनगर में एक मकान को ही पटाखा गोदाम बनाकर दो सगे भाई बिना लाइसेंस के सोशल मीडिया पर प्रमोशन कर पटाखे बेच रहे थे। पुलिस ने भी शातिराना अंदाज में उसी प्रमोशन वाले नंबर पर ग्राहक बनकर कॉल किया, पता निकाला और फिर दबिश देकर पूरे गोदाम का भंडाफोड़ कर दिया। पुलिस ने मौके से करीब 10 लाख रुपए कीमत के पटाखे जब्त किए हैं। एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दूसरा फरार है।
मामला शास्त्रीनगर का है, जहां जगदीश शर्मा के दो बेटे शुभम शर्मा और सौरभ शर्मा मिलकर यह अवैध कारोबार चला रहे थे। दोनों ने मकान की पहली मंजिल पर पटाखों का बड़ा स्टॉक जमा कर रखा था।
ये भी पढ़ें: एमपी: मुख्यमंत्री के बैतूल दौरे से पहले कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर पुलिस का एक्शन, घरों से उठाकर कोतवाली ले गई
टीआई तरुण कुरील ने बताया कि त्योहारों को देखते हुए सोशल मीडिया पर निगरानी की जा रही थी। इसी दौरान पटाखे बिक्री का एक प्रमोशनल पोस्ट मिला। पुलिस ने पोस्ट में दिए नंबर पर कॉल किया तो आरोपियों ने अपना घर का पता दे दिया। इसके बाद पुलिस टीम ने तत्काल दबिश दी। मौके पर सौरभ शर्मा मिल गया, जिसे हिरासत में ले लिया गया। उसका भाई शुभम शहर से बाहर होने के कारण फरार बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार आवासीय इलाके में इतनी बड़ी मात्रा में पटाखों का भंडारण बेहद खतरनाक था, इससे आगजनी और विस्फोट का बड़ा खतरा था। जब्त पटाखों को कोर्ट के आदेश के बाद नष्ट किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि त्योहारों के मद्देनजर एसपी उज्जैन के मार्गदर्शन में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। आवासीय क्षेत्रों में पटाखों का अवैध भंडारण आमजन की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है। इसी को देखते हुए कार्रवाई की जा रही है।