उज्जैन श्री महाकालेश्वर मंदिर में सुबह 4 बजे हुई भस्म आरती में बाबा महाकाल का पंचामृत पूजन अभिषेक कर भांग व पूजन सामग्री से आकर्षक स्वरूप में श्रृंगार किया गया। इस दौरान उन्हें त्रिनेत्र स्वरूप में सजाया गया। बाबा महाकाल को फूलों व रुद्राक्ष की माला अर्पित की गई। इस श्रृंगार के बाद उन्हें भस्म रमाई गई और फिर भक्तों ने इन दिव्य दर्शनों का लाभ लिया। भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी व्यंकटेश अय्यर ने भी पत्नी के साथ बाबा महाकाल का पूजन कर आशीर्वाद लिया।
विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर के पुजारी पंडित महेश शर्मा ने बताया कि फाल्गुन शुक्ल पक्ष की दशमी पर रविवार आज बाबा महाकाल सुबह 4 बजे जागे। भगवान वीरभद्र और मानभद्र की आज्ञा लेकर मंदिर के पट खोले गए। जिसके बाद सबसे पहले भगवान को गर्म जल से स्नान करवाकर दूध, दही, शहद, शक्कर, घी आदि पंचामृत से स्नान कराया गया और प्रथम घंटाल बजाकर हरि ओम का जल अर्पित किया गया। पंचामृत पूजन के बाद भगवान महाकाल का पूजन सामग्री से आकर्षक स्वरूप में श्रृंगार किया गया। भक्तों ने बाबा महाकाल की भक्ति में लीन होकर दर्शन किए और ‘जय श्री महाकाल’ का उद्घोष किया। जिसके बाद बाबा महाकाल को महानिर्वाणी अखाड़े के द्वारा भस्म रमाई गई और फिर कपूर आरती की गई।
भारतीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी व्यंकटेश अय्यर अपनी पत्नी श्रुति के साथ श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे और बाबा महाकाल के दर्शन किए। उन्होंने कहा कि मैं कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए खेलने वाला हूं। आईपीएल में इस टीम को जीत मिले, ऐसी कामना बाबा महाकाल से की है। विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर की दर्शन व्यवस्था काफी अच्छी है। ऐसी व्यवस्था मैंने पूरे देश के किसी भी मंदिर में नहीं देखी। उन्होंने बताया कि भारत और न्यूजीलैंड के फाइनल मैच में हम ही जीतेंगे, इस बात का मुझे पूरा भरोसा है।
व्यंकटेश अय्यर अपनी पत्नी श्रुति के साथ