कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के इंदौर दौरे को लेकर मध्य प्रदेश में सियासी हलचल तेज हो गई है। राहुल गांधी के दौरे को लेकर बीजेपी नेताओं की ओर से लगातार बयान सामने आ रहे हैं। इसी क्रम में उज्जैन-आलोट संसदीय क्षेत्र के सांसद अनिल फिरोजिया ने राहुल गांधी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि संसद में साथ बैठने के बावजूद बीजेपी तो क्या, खुद कांग्रेस पार्टी को भी समझ नहीं आता कि राहुल गांधी आखिर क्या कहना चाहते हैं।
संसद में ध्यान से सुनते हैं, फिर भी समझ नहीं आता
राहुल गांधी के इंदौर दौरे पर चुटकी लेते हुए सांसद अनिल फिरोजिया ने कहा कि राहुल गांधी संसद में उनके साथ ही बैठते हैं। उन्होंने कहा, "कांग्रेस पार्टी को छोड़िए, खुद राहुल जी को भी समझ नहीं आता कि वे आखिर क्या कह रहे हैं। हम संसद में उनकी बातों को बड़े ध्यान से सुनते हैं, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद कुछ समझ नहीं पाते। फिरोजिया ने कहा कि राहुल गांधी का इंदौर आना एक अच्छा प्रयास हो सकता है, लेकिन अच्छी बात तब होगी, जब वे युवाओं को अपनी बात सही ढंग से समझा पाएं।
पढ़ें: गर्भवती महिला से थाने में बर्बरता का आरोप, हजारों लोगों का घेराव; पुलिस ने किया लाठीचार्ज
'आज का युवा स्मार्ट है, मोबाइल से निकाल लेता है सच'
विपक्षी दलों की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए सांसद फिरोजिया ने कहा कि आज कांग्रेस समेत तमाम विपक्षी दल युवाओं को भ्रमित करने में लगे हैं। हालांकि, उन्होंने कहा कि आज का युवा बहुत स्मार्ट है, क्योंकि उसके पास स्मार्ट मोबाइल है। युवाओं को गलत जानकारी देकर गुमराह करने का प्रयास किया भी जाएगा तो वे मोबाइल पर सही जानकारी सर्च कर सच और झूठ का फर्क जान सकते हैं। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि अब देखना होगा कि राहुल गांधी लोगों को क्या समझा पाते हैं। अगले दिन मीडिया के जरिए पता चल ही जाएगा कि उन्होंने क्या कहा और क्या किया।
उज्जैन में जुटेगा दिग्गजों का जमावड़ा
राहुल गांधी पर निशाना साधने के साथ ही सांसद अनिल फिरोजिया ने उज्जैन में आयोजित होने जा रही धर्म युवा संसद को लेकर उत्साह जताया। उन्होंने कहा कि जूना अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि जी महाराज और आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत का कार्यक्रम में शामिल होना पूरे मालवा क्षेत्र के लिए आनंद और गर्व का विषय है। फिरोजिया ने कहा कि उज्जैन का धार्मिक महत्व जगजाहिर है। पुराणों में भी इसका उल्लेख मिलता है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने उज्जैन की पवित्र भूमि पर विद्या अर्जन की थी। ऐसी पवित्र धरा पर कई राज्यों से युवाओं का आना गौरव की बात है।