त्योहारों के सीजन में नकली खाद्य सामग्री बनाने वाले माफिया सक्रिय हो गए हैं। खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम भी इस पर नज़र बनाए हुए है। इसी क्रम में खाद्य विभाग ने देवास गेट बस स्टैंड पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 300 किलो नकली मावा जब्त किया। रूटीन चेकिंग के दौरान खाद्य अधिकारी देवासगेट बस स्टैंड क्षेत्र में गश्त कर रहे थे, तभी एक व्यापारी पर शक हुआ। रेकी करने पर मामला स्पष्ट हुआ। इसके बाद विद्यापति नगर निवासी प्रवीण जैन को नकली मावे के साथ पकड़ा गया। पूछताछ में पता चला कि यह मावा अहमदाबाद से लाया गया था और इसे विभिन्न मिठाई की दुकानों पर सप्लाई किया जाना था।
विज्ञापन
खाद्य अधिकारी बीएस देवलिया ने बताया कि यह मावा मिलावटी है। इसमें वनस्पति तेल, शक्कर और रंग का उपयोग किया गया है। कुछ मिठाई व्यापारी इस मावे को हल्का गर्म और ठंडा करके मिठाई बनाते हैं और इसे शुद्ध मावे के नाम पर बेचते हैं, जो स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक हो सकता है। अधिकारी ने बताया कि नकली मावा अहमदाबाद में कहां से मंगवाया गया, इसकी जांच की जा रही है। उज्जैन में किन-किन दुकानों पर इसकी सप्लाई होती है, इसका भी पता लगाया जा रहा है। साथ ही, खाद्य विभाग ने जनता को सलाह दी है कि मिठाई खरीदते समय शुद्धता की जांच अवश्य करें। विभाग द्वारा तत्काल जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है, जिससे संदेह होने पर सीधे संपर्क किया जा सकता है।
थाने में नकली मावा बनाने का डेमो
इस कार्रवाई की खास बात यह रही कि देवासगेट थाने में नकली मावे से मिठाई बनाने का डेमो भी दिखाया गया। यहां गैस भट्टी पर कढ़ाई में नकली मावा रखकर मिठाई बनाई गई, जिससे यह बताया जा सके कि इस प्रकार की मिठाइयां कैसे तैयार की जाती हैं।
दिवाली करीब आते ही मिलावटखोर भी सक्रिय हो गए हैं। अहमदाबाद से उज्जैन लाए गए 300 किलो नकली मावे को जब्त किया गया है।