Ujjain News: उज्जैन के श्री महाकालेश्वर मंदिर में शनिवार शाम अभिनेत्री सारा अर्जुन, अभिनेता राज अर्जुन, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा और कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने सपरिवार बाबा महाकाल के दर्शन और संध्या आरती में सहभागिता कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
उज्जैन का विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में शनिवार शाम धार्मिक आस्था और श्रद्धा का विशेष दृश्य देखने को मिला, जब फिल्म अभिनेता राज अर्जुन और अभिनेत्री सारा अर्जुन ने ज्योतिर्लिंग भगवान श्री महाकालेश्वर के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इसी अवसर पर उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा और उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने भी सपरिवार बाबा महाकाल की संध्या कालीन आरती में सहभागिता की।
विज्ञापन
संध्या आरती में विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति
श्री महाकालेश्वर मंदिर के सहायक प्रशासक मूलचंद जूनवाल ने बताया कि संध्या कालीन आरती के दौरान उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा और कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने अपने परिवार के साथ ज्योतिर्लिंग भगवान श्री महाकालेश्वर के दर्शन लाभ लिए। उनके साथ फिल्म अभिनेता राज अर्जुन और अभिनेत्री सारा अर्जुन भी मंदिर पहुंचे और बाबा महाकाल की पूजा-अर्चना की।
मंदिर समिति ने किया स्वागत-सत्कार
दर्शन के दौरान श्री महाकालेश्वर मंदिर समिति की ओर से विजय बहुगुणा, सौरभ बहुगुणा और अभिनेत्री सारा अर्जुन का स्वागत एवं सत्कार किया गया। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की मौजूदगी के बीच सभी अतिथियों ने विधिवत दर्शन कर आध्यात्मिक अनुभूति प्राप्त की।
सारा अर्जुन का अभिनय सफर
सारा अर्जुन का जन्म वर्ष 2005 में हुआ था और वह अभिनेता राज अर्जुन की बेटी हैं। उन्होंने महज 18 महीने की उम्र में एक टीवी विज्ञापन से अपने करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद सारा 100 से अधिक विज्ञापनों में नजर आईं और एक लोकप्रिय बाल कलाकार के रूप में पहचान बनाई। उन्हें वर्ष 2011 की तमिल फिल्म ‘देवा थिरुमगल’ में नीला की भूमिका से व्यापक पहचान मिली, जिसमें तमिल सुपरस्टार विक्रम ने उनके पिता का किरदार निभाया था।
हिंदी और दक्षिण भारतीय फिल्मों में पहचान
सारा अर्जुन ने 2013 में फिल्म ‘एक थी डायन’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया। इसके बाद वह ‘सीक्रेट सुपरस्टार’, ‘सैवम’, ‘सांड की आंख’ और ‘पोन्नियिन सेलवन’ जैसी हिंदी और दक्षिण भारतीय फिल्मों में नजर आ चुकी हैं। उनके अभिनय को विभिन्न भाषाओं के दर्शकों से सराहना मिली है।