फिल्म जगत में चूचा के नाम से मशहूर अभिनेता वरुण शर्मा बाबा महाकाल के दर्शन करने पहुंचे। जहां उन्होंने चांदी द्वार से बाबा महाकाल के दर्शन किए और उसके बाद श्री महाकालेश्वर मंदिर परिसर में स्थित अन्य मंदिरों पर भी आशीर्वाद लेने पहुंचे।
ठहाका कार्यक्रम में शामिल होने आए अभिनेता वरुण शर्मा बाबा महाकाल के दर्शन करने पहुंचे। जहां पंडित अर्पित गुरु और पंडित टोनी गुरु के द्वारा महाकाल मंदिर में बाबा महाकाल का चांदी द्वार से पूजन अर्चन करवाया गया।
बाबा महाकाल का पूजन अर्चन करने के बाद अभिनेता वरुण शर्मा ने मीडिया से कहा कि बाबा महाकाल के दर्शन कर अच्छा लगा। यहां बहुत शांति और सुकून है। उन्होंने बताया कि मैंने बाबा महाकाल से सभी की खुशहाली और मुस्कुराहट की कामना की है। श्री महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन करने के बाद अभिनेता वरुण शर्मा मंदिर में अपने चाहने वाले कुछ श्रद्धालुओं से भी मिले, जिन्हें उन्होंने अपने ऑटोग्राफ दिए और कुछ फोटो भी खिंचवाए।