पंवासा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर वाहन चोर को गिरफ्तार कर उससे चोरी की बाइक जब्त की है। पूछताछ में उसने दो अन्य वारदात करना भी कबूला है। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने श्री सिंथेटिक्स स्थित पुरानी फैक्ट्री के खंडहर से दो और बाइक बरामद की है। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि मुखबिर ने सूचना दी कि पीटीएस से चोरी हुई बाइक लेकर एक संदिग्ध युवक हरसोदन फंटा, आलू गोदाम के सामने रोड किनारे खड़ा है। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो युवक पुलिस को देख भागने लगा, लेकिन उसे घेराबंदी कर धरदबोचा गया। पूछताछ में उसने अपना नाम गजराज पिता समंदर तंवर (24) बताया जो मूलत: सीहोर के मेहतवाड़ा थाने क्षेत्र के ग्राम जकड़ीखुर्द का रहने वाला है और वर्तमान में पंवासा मल्टी में रहता है। बाइक के संबंध में पूछताछ करने पर आरोपी घबरा गया और फिर कबूल किया उसने 3 सितंबर को पीटीएस मक्सी रोड क्षेत्र से चुराई थी। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर बाइक क्रमांक एमपी 13 एफआर 8678 जब्त की गई।
ये भी पढ़ें-
डबरा में निजी बैंक शाखा में चार करोड़ का गोल्ड घोटाला, लॉकर में बदल गया सोना
खंडहर में छिपा रखी थी दो बाइक
थाने लाकर सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी गजराज ने 21 फरवरी को पंवासा के मयूरनगर और 17 सितंबर को संजीवनी हॉस्पिटल के सामने से बाइक चुराना भी स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने दोनों बाइक श्री सिंथेटिक स्थित पुरानी फैक्ट्री के खंडहर से बरामद की है। आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।