स्वतंत्रता संग्राम सेनानी प्रेमनारायण नागर
हिन्दी के वरिष्ठतम पत्रकार, स्वतंत्रता सेनानी और गांधीवादी सामाजिक कार्यकर्ता प्रेमनारायण नागर के 100वें जन्मदिन पर महाराजा विक्रमादित्य शोधपीठ और ज्ञानतीर्थ सप्रे संग्रहालय द्वारा उज्जैन में शब्द साक्षी अभिनंदन समारोह का आयोजन किया जा रहा है। यह समारोह एक अक्टूबर, 2025 को दोपहर 2:30 बजे कालिदास अकादमी के पं. सूर्यनारायण व्यास संकुल सभागार में होगा।
ये भी पढ़ें-
सीएम डॉ. यादव बोले- प्रदेश के हर चौथे बच्चे को मिल रही है आरटीई से शिक्षा की गारंटी
प्रेमनारायण नागर विद्यार्थी जीवन में स्वाधीनता आंदोलन में सक्रिय हो गए थे। महात्मा गांधी के रचनात्मक कार्यक्रमों से जुड़कर खादी, ग्रामोद्योग, अछूतोद्धार के काम में जुट गए। सन 1947 से लगभग साठ वर्ष तक नईदुनिया इंदौर के लिए शिवपुरी से जिला संवाददाता का दायित्व निभाते रहे। आकाशवाणी और अन्य पत्र-पत्रिकाओं के लिए भी लिखा। संवेदनशील और सेवाभावी होने के कारण नागर ने अपार यश और प्रतिष्ठा अर्जित की। समारोह के संयोजक अरविंद श्रीधर ने बताया कि पौराणिक नगरी उज्जयिनी के कला, साहित्य, संस्कृति, पत्रकारिता, शिक्षा और समाजसेवा के क्षेत्र में कार्यरत अनेक संस्थाएं इस लोक अभिनंदन समारोह में सहभागी हैं। उज्जयिनी के जनप्रतिनिधियों की समारोह में गरिमामय उपस्थिति होगी। सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय के कुलगुरु आचार्य डॉ. अर्पण भारद्वाज, पाणिनि संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलगुरु आचार्य डॉ. शिवशंकर मिश्र, संस्कृत के प्रकांड पण्डित पद्मश्री डॉ. भगवतीलाल राजपुरोहित, मालवी संस्कृति और साहित्य के मर्मज्ञ डॉ. शिव चौरसिया तथा कला-संस्कृति की गतिविधियों के सूत्रधार श्रीराम तिवारी सारस्वत अतिथि होंगे। गांधी भवन न्यास, भोपाल के पदाधिकारी और वरिष्ठ पत्रकार राजेश बादल विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। इस अवसर पर प्रेमनारायण नागर को सम्मान पत्र, शॉल, कलम और चरखा भेंट किए जाएंगे। प्रेमनारायण नागर के संस्मरणों की पुस्तक सफरनामा तथा आंचलिक पत्रकार और कर्मवीर के विशेषांकों का विमोचन होगा।