जिले के उन्हेल थाने में पदस्थ रहे टीआई के खिलाफ एक महिला ने भोपाल में दुष्कर्म का केस दर्ज करवाया है। आरोप है कि टीआई ने शादी का झांसा देकर कई बार दुष्कर्म किया। घटनास्थल उन्हेल होने से केस डायरी उन्हेल भेजी गई और जिस थाने में टीआई दूसरों के खिलाफ कार्रवाई करते रहे, उसी थाने में उनके खिलाफ केस दर्ज हो गया।
जानकारी के मुताबिक आरोपी टीआई का नाम विपिन बाथम है। उज्जैन एसपी सत्येंद्र शुक्ल के मुताबिक टीआई बाथम पहले उन्हेल थाने में पदस्थ थे। शिकायतों के चलते आठ माह पहले उनको लाइन अटैच कर दिया था। वे लाइन में है। गुरुवार रात को भोपाल थाने में उनके खिलाफ एक 37 वर्षीय महिला ने दुष्कर्म का केस दर्ज करवाया। महिला ने भोपाल थाने में शिकायत दर्ज करवाई कि वह टीआई विपिन बाथम को बचपन से जानती है और बाथम ने उससे गहरी पहचान होने के चलते अपने प्रेम जाल में फंसा लिया। शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किया। आवेदन में बताया कि बाथम लगातार उसे उन्हेंल बुलाते थे वहीं कई बार यौन शोषण किया। शादी की बात पर आनाकानी करने लगते। भोपाल थाने में केस दर्ज होने के बाद मामला उज्जैन पहुंचा। टीआई बाथम को निलंबित कर दिया गया है। एसपी के अनुसार महिला के बयान लेने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि टीआई उन्हेल थाने में रहने के दौरान भी विवादों में रहे थे। शिकायतों के चलते ही उन्हें लाइन अटैच किया गया था। आठ माह तक वे उन्हेल थाने में रहे लेकिन अब उसी थाने में उनके खिलाफ केस दर्ज हुआ है। बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले एक आरक्षक ने भी टीआई बाथम पर आरोप लगाकर शिकायत की थी। इसी तरह घट्टिया थाने में पदस्थापना के दौरान लूट के एक प्रकरण में लापरवाही के आरोप लगे थे।