महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग में अप्रिय घटनाओं में कमी नहीं आ रही है। हिंदू युवक की आईडी से मुस्लिम युवक के दर्शन करने का मामला अभी थमा भी नहीं था कि अब मंदिर के दो कर्मचारियों पर रुपये लेने के आरोप लगे हैं। दोनों को निलंबित किया गया है।
महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग में अप्रिय घटनाओं में कमी नहीं आ रही है। हिंदू युवक की आईडी से मुस्लिम युवक के दर्शन करने का मामला अभी थमा भी नहीं था कि अब मंदिर के दो कर्मचारियों पर रुपये लेने के आरोप लगे हैं। कहा जा रहा है कि गर्भगृह में शीघ्र दर्शन के लिए दो कर्मचारियों ने रुपये लिए और सीधे अपनी जेब में रख लिए। इसके पीछे एक बात यह बताई जा रही है कि कर्मचारियों ने दान राशि दान पेटी में डालने के बजाय अपनी जेब में रख ली। सीसीटीवी कैमरे में घटना कैद हुई। इसके बाद दोनों को निलंबित किया गया।
विज्ञापन
जानकारी के मुताबिक एक श्रद्धालु ने महाकाल मंदिर में शीघ्र दर्शन के लिए गर्भगृह निरीक्षक कमल जोशी और मुकेश गुजराती को रुपये दिए थे। कर्मचारियों ने श्रद्धालु को दर्शन करवाए और रुपये अपनी जेब में रख लिए। मंदिर समिति के पास भी यह शिकायत पहुंची। समिति ने सीसीटीवी कैमरे देखे तो आरोप सही निकले। मंदिर प्रबंध समिति ने दोनों कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया। इधर मामले में एक बात और भी सामने आई है। कहा जा रहा है कि मंदिर में दर्शन करने के लिए आने वाले लोग यहां सामर्थ्यानुसार दान करते हैं। कुछ श्रद्धालुओं ने दान के लिए पंडित को रुपये दिए थे। पंडित ने उक्त राशि कमल जोशी और मुकेश गुजराती को दी कि इसे दान पेटी में डाल दें लेकिन कर्मचारियों ने इसे अपनी जेब में रख लिया। इसके बाद इसकी शिकायत मंदिर प्रबंध समिति से की गई। समिति ने सीसीटीवी कैमरे खंगाले और शिकायत सही पाए जाने पर दोनों कर्मचारियों को निलंबित किया। पंडित को भी जांच के दायरे में लिया है। इस मामले में उज्जैन कलेक्टर आशीष सिंह का कहना है कि हम लगातार ऐसे मामलों में कार्यवाही कर रहे हैं। सीसीटीवी के आधार पर कार्रवाई की गई है। अगर कोई और भी दोषी पाया जाता है तो उस पर भी कार्रवाई करेंगे।