अवैध शराब पकड़ने गई आबकारी टीम पर पथराव
- फोटो : अमर उजाला
माकड़ोन क्षेत्र के सालनाखेड़ी गांव में अवैध शराब पकड़ने पहुंची आबकारी विभाग की टीम पर आरोपियों ने हमला कर दिया। आरोपियों ने अपने घर की छत से आबकारी कर्मचारियों पर पत्थर बरसाए, जिससे बचने के लिए कर्मचारियों को भागना पड़ा। इस दौरान हमलावरों ने सरकारी वाहनों में तोड़फोड़ की और जब्त शराब के साथ आबकारी कर्मचारियों की नकदी व विभागीय दस्तावेज भी लूट लिए। माकड़ोन थाना पुलिस ने मुख्य आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार 26 नवंबर को तराना आबकारी वृत्त की उपनिरीक्षक रानी सिंह अपनी टीम के साथ गश्त कर रही थीं। इसी दौरान सूचना मिली कि सालनाखेड़ी निवासी 43 वर्षीय जगदीश चौहान अवैध शराब का कारोबार करता है। वह अपने घर के सामने भट्टी की कच्ची शराब लेकर कहीं जाने की तैयारी में खड़ा है। सूचना पर आबकारी टीम तुरंत जगदीश के घर पहुंची। तलाशी के दौरान उसके हाथ में मौजूद झोले से कच्ची शराब के पाउच मिले। टीम जब इस शराब को जब्त कर रही थी, तभी जगदीश ने अपने परिजनों और अन्य साथियों को आवाज देकर बुला लिया।
ये भी पढ़ें: सिवनी: ट्रक की टक्कर से महिला की मौत, सदमे में बुजुर्ग मां ने भी दम तोड़ा, एक ही दिन में उजड़ा परिवार
आवाज सुनकर एकत्रित हुए परिजनों और साथियों ने आबकारी कर्मचारियों पर हमला कर उनके साथ मारपीट की। आरोपियों ने अपने घर की छतों से कर्मचारियों पर तेजी से पत्थर बरसाने शुरू कर दिए, जिनसे बचने के लिए आबकारी आरक्षकों को वहां से भागना पड़ा। हमलावरों ने मौके पर खड़े सरकारी वाहनों में तोड़फोड़ की। इसके अलावा हमलावरों ने जब्त की जा रही अवैध शराब के साथ ही कर्मचारियों की नकदी, पर्स, आईडी कार्ड और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज भी लूट लिए।
पुलिस ने मुख्य आरोपी पिता-पुत्र को दबोचा
घटना के बाद उपनिरीक्षक रानी सिंह की रिपोर्ट पर माकड़ोन थाना पुलिस ने विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया। पुलिस ने सालनाखेड़ी निवासी 43 वर्षीय जगदीश चौहान और उसके 19 वर्षीय बेटे कुलदीप चौहान को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शुक्रवार को दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड मांगा है। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच जारी है और पुलिस उनकी तलाश कर रही है।