बुंदेलखंड के पन्ना की हीरा खदानों में काम करने वाले दो मजदूरों की जिंदगी अब हीरों की चमक से गुलजार होने वाली है। जरुआपुर और कृष्णा कल्याणपुर की खदानों से क्रमश: मजदूर दिलीप मिस्त्री को 7.44 कैरेट और लखन यादव को 14.98 कैरेट का हीरा मिला है।
एक की कीमत 30 लाख तो दूसरे की करीब 60 लाख होगी
पन्ना जिले के हीरा निरीक्षक अनुपम सिंह ने बताया कि दोनों बेशकीमती हीरों को रिकॉर्ड में ले लिया गया है। इनकी नीलामी से मिली कीमत में से 12.5 फीसदी रॉयल्टी काटने के बाद शेष राशि इन मजदूरों को दे दी जाएगी। उन्होंने बताया कि हीरों की असल कीमत अधिकारियों द्वारा तय की जाएगी लेकिन 7.44 कैरेट के हीरे से 30 लाख रुपये और 14.98 कैरेट वाले से इसके दोगुने करीब 60 लाख रुपये प्राप्त हो सकते हैं।
हीरा मिलने से उत्साहित लखन यादव ने कहा कि वह इस पैसे का इस्तेमाल बच्चों की पढ़ाई में करेंगे। दो एकड़ जमीन पर किसानी करने वाले यादव को पहली बार हीरा हाथ लगा है। वहीं दिलीप मिस्त्री ने कहा, वह चार लोगों के साथ मिलकर बीते छह महीने से अपनी निजी जमीन पर हीरा खनन के लिए कड़ी मशक्कत कर रहे थे। भगवान की कृपा से उन्हें यह हीरा मिला है। यह पहला मौका है जब इतना बेशकीमती हीरा हाथ लगा है।