मध्यप्रदेश के रायसेन जिले में एक खेत में कंटीले तारों की बाड़ के संपर्क में आने से दो चचेरी बहनों की मौत हो गई। इस बात की जानकारी पुलिस ने शनिवार को दी। सुल्तानपुर पुलिस थाना प्रभारी अमरीश बोहरे ने कहा कि यह घटना सुल्तानपुर में शुक्रवार शाम को घटित हुई। यह जिला मुख्यालय से 40 किलोमीटर दूर है।
उन्होंने कहा, ‘दो चचेरी बहनें जिनकी उम्र 18 और 20 साल थी, धान के खेत में काम कर रही थीं। शाम को जब वे शौच के लिए के लिए गईं तो वे तारों की बाड़ के संपर्क में आ गईं। जिसके कारण उन्हें बिजली का झटका लगा और उनकी मौत हो गई।’ खेत पर काम कर रहे अन्य मजदूर वहां पहुंचे और उन्हें तारों से अलग किया।
पुलिस अधिकारी ने कहा कि महिलाओं को अस्पताल लेकर जाया गया लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस अधीक्षक (एसपी) मोनिका शुक्ला ने कहा कि अधिकारियों को यह जांचने के लिए निर्देशित किया गया है कि बाड़ में विद्युत प्रवाह कैसे फैला। जांच के नतीजे आने के बाद आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा।