गिरिबाला के घर के बाहर भारी संख्या में पुलिस तैनात
- फोटो : अमर उजाला
समर्थ सिंह से भी चल रही पूछताछ, दोनों से क्रॉस प्रश्न भी किए गए
गुरुवार सुबह दस बजे सीबीआई की विशेष टीम महिला पुलिसकर्मियों के साथ बागमुगालिया एक्सटेंशन स्थित गिरिबाला सिंह के घर पहुंची थी। समर्थ सिंह को भी लेकर सीबीआई की टीम गिरिबाला सिंह के यहां गई थी। दोनों को कुछ देर तक आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की गई, इसके बाद एक टीम समर्थ सिंह को लेकर विशेष स्थान पर चली गई। गिरिबाला सिंह को साक्ष्य मिटाने, साक्ष्यों को प्रभावित करने और दहेज के लिए प्रताड़ित करने के आरोपों में फिलहाल गिरफ्तार किया गया है। दिल्ली एम्स की पीएम रिपोर्ट मिलने के बाद अगर कोई और बात का खुलासा होता है तो उसके आधार पर भी कार्रवाई की जाएगी। वर्तमान में उनके खिलाफ दहेज हत्या, दहेज प्रताड़ना व हैरासमेंट का केस दर्ज है।
गिरिबाला सिंह को सीबीआई ने गिरफ्तार कर मौलाना आजाद नेशनल इंस्ट्टीयूट (मैनिट) में रखा है। सीबीआई दिल्ली की टीम भी मैनिट के गेस्ट हाउस में डेरा डाले हुए है। यहीं पर ही मेडिकल टीम बुलाकर गिरिबाला सिंह का मेडिकल चेकअप कराया गया। स्वस्थ होने की रिपोर्ट के बाद उनके साथ कुछ बिंदुओं पर पूछताछ की गई। इसके बाद रात करीब आठ बजे गिरिबाला सिंह को लेकर सीबीआई की टीम भोपाल सीबीआई ऑफिस पहुंची है, जहां रात को उन्हें रखा जाएगा। कल सुबह यानी शुक्रवार को उनका मेडिकल कराने के बाद भोपाल जिला अदालत में सीबीआई की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा। हालांकि सीबीआई के अधिकारी उन्हें दिल्ली की विशेष अदालत में पेश करने की भी तैयारी कर रहे हैं, क्योंकि केस सीबीआई की दिल्ली यूनिट ने दर्ज किया है। जांच का जिम्मा भी दिल्ली यूनिट के पास है। उनके बेटे समर्थ सिंह की कल रिमांड अवधि समाप्त हो रही है। कल उन्हें भी कोर्ट में पेश किया जाएगा। सीबीआई मां-बेटे को रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है।
ये भी पढ़ें-
त्विषा की सास गिरिबाला सिंह को बड़ा झटका, एमपी हाई कोर्ट ने रद्द की अग्रिम जमानत याचिका
गिरिबाला सिंह के घर की छत पर टीम तैनात की गई थी।
- फोटो : अमर उजाला