राजगढ़ जिले से होकर गुजरने वाले नेशनल हाईवे क्रमांक 52 पर रविवार की दोपहर में पीपलबे आश्रम के समीप ट्रैफिक पुलिस के वाहन और ट्रैक्टर की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में पांच ट्रैफिक पुलिसकर्मी और ट्रैक्टर चालक को मिलाकर कुल छह लोग घायल हो गए, जिनका ब्यावरा सिविल अस्पताल में उपचार किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार राजगढ़ से ब्यावरा की ओर जा रहे ट्रैफिक पुलिसकर्मियों का वाहन पीपलबे आश्रम के समीप ब्यावरा की ओर से तेज गति से आ रहे ट्रैक्टर से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में ट्रैफिक पुलिसकर्मियों में से पांच को चोट आई हैं और ट्रैक्टर पलटने से ट्रैक्टर चालक भी घायल हो गया, सभी घायलों को ब्यावरा के सिविल अस्पताल में पहुंचाया गया है, जहां उनका उपचार किया जा रहा है।
बता दें उक्त सड़क हादसा इतना जबरदस्त था कि ट्रैफिक पुलिस के वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और कुछ दूरी पर ही ट्रैक्टर पलट गया। गनीमत यह रही कि उक्त हादसे में किसी की जान नहीं गई। सभी घायलों को उपचार किया जा रहा है।