निवाड़ी जिले के ओरछा में होली के दौरान बेतवा नदी में डूबने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरे युवक की तलाश जारी है। पहला हादसा नाव घाट के पास हुआ, जहां झांसी निवासी युवक का पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया।
मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले स्थित पर्यटन नगरी ओरछा में होली के उत्सव के बीच दर्दनाक हादसा हो गया। बेतवा नदी में बुधवार को दो अलग-अलग स्थानों पर दो युवक डूब गए। इनमें से एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरे की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है।
विज्ञापन
पहला हादसा दोपहर करीब 3 बजे ओरछा के नाव घाट के पास हुआ। झांसी के हंसारी निवासी 23 वर्षीय निपेश पस्तोर अपने दोस्तों के साथ होली मनाने और घूमने के लिए ओरछा आया था। बताया जा रहा है कि नदी किनारे घूमते समय उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया।
कड़ी मशक्कत के बाद युवक को बाहर निकाला गया
मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल उसे बचाने का प्रयास किया। कड़ी मशक्कत के बाद युवक को बाहर निकाला गया और सीपीआर देकर प्राथमिक उपचार के लिए भेजा गया। हालत गंभीर होने पर उसे झांसी रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इसके कुछ ही देर बाद दूसरा हादसा बड़े पुल के पास हुआ। बिहार के बक्सर निवासी विनोद शर्मा, जो प्रतापपुरा स्थित एक प्लास्टिक फैक्ट्री में काम करता था, अपने साथी विनय के साथ नदी किनारे गया था। इसी दौरान उसका भी पैर फिसल गया और वह पानी में डूब गया। घटना के बाद से उसका कोई पता नहीं चल सका है।
पुलिस टीम मौके पर पहुंची
सूचना मिलते ही ओरछा थाना प्रभारी रामबाबू शर्मा और पर्यटन चौकी पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों की मदद से विनोद शर्मा की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। प्रशासन ने पर्यटकों से नदी किनारे सावधानी बरतने और गहरे पानी में न जाने की अपील की है।
होली के उत्साह के बीच हुए इन हादसों से क्षेत्र में शोक का माहौल है।