निवाड़ी के काशीपुरा गांव में महिला की हत्या की गई थी। इसमें पुलिस ने खुलासा किया है।जांच में मृतका का बेटा ही आरोपी निकला है। बेटे पर आरोप है कि मोबाइल खरीदने के लिए पैसे नहीं मिलने पर नशे की हालत में उसने अपनी मां की हत्या कर दी।
मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले के काशीपुरा गांव में महिला की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। रिश्तों को शर्मसार करने वाली इस वारदात में मृतका का अपना बेटा ही हत्यारा निकला। पुलिस के अनुसार मोबाइल खरीदने के लिए मां से पैसे मांगने पर विवाद हुआ और नशे में बेटे ने अपनी मां की हत्या कर दी।
विज्ञापन
पुलिस के अनुसार 15 जुलाई को काशीपुरा निवासी घमंडी कुशवाहा ने अपनी रिश्ते की भाभी सुशीला कुशवाहा की हत्या की सूचना कोतवाली पुलिस को दी थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट सहित अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ की।
जांच के दौरान मृतका का बेटा चिंटा उर्फ किंतो उर्फ दीपक घटना के बाद से फरार मिला। पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी अपना हुलिया बदलकर जिले से बाहर भागने की तैयारी में है। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया।
विज्ञापन
आरोपी ने हत्या करना स्वीकार किया
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना स्वीकार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी शराब के नशे में था और मोबाइल खरीदने के लिए मां से पैसे मांग रहा था। मां ने पैसे देने से इनकार किया तो गुस्से में उसने अपनी ही मां की हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। अब आगे की जांच की जा रही है। मोबाइल खरीदने की चाहत में बेटे ने मां-बेटे के पवित्र रिश्ते को ही कलंकित कर दिया है ।