निवाड़ी पुलिस ने ओरछा थाना क्षेत्र की नाराई नाका चौकी अंतर्गत हुई चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 5 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और मोबाइल सहित चोरी का मशरूका बरामद किया है।
मुख्य आरोपी राजकुमार विश्वकर्मा के पास से अवैध 315 बोर का कट्टा और एक जिंदा कारतूस भी जब्त किया गया है। मामले में अज्ञात आरोपी की गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक द्वारा 2 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
परिवार के साथ दतिया गए थे फरियादी
पुलिस के अनुसार, फरियादी देवेंद्र राय (32), निवासी राय कॉलोनी, ग्राम प्रतापपुरा, ने 18 अक्टूबर 2026 को नाराई नाका चौकी में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। फरियादी ने बताया कि 17 अक्टूबर की रात करीब 8 बजे वह अपने परिवार के साथ दतिया गए थे। रात करीब 1:30 बजे वापस लौटे तो घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला।
अंदर जाकर देखा तो तीनों कमरों के ताले भी टूटे हुए थे। अलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी गायब थी। शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 432/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) और 305(ए) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों से मिली मदद
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। पुलिस अधीक्षक डॉ. रायसिंह नरवरिया के निर्देशन में कार्रवाई करते हुए 27 अक्टूबर को राजकुमार विश्वकर्मा (22), निवासी सपा पहाड़, थाना कोतवाली दतिया को पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात स्वीकार की।
ये भी पढ़ें- एमपी पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती परीक्षा 19 नवंबर से, बेहतर तैयारी के लिए पाठ्यक्रम और अंक विभाजन को ध्यान से समझें
सोने-चांदी के जेवर और नकदी जब्त
पुलिस ने आरोपी के घर से एक सोने की अंगूठी, एक जोड़ी झुमकी, दो जोड़ी टॉप्स, नाक की दो कील, सोने का ओम, 42,500 रुपये नकद और एक टच स्क्रीन मोबाइल बरामद किया। वहीं, आरोपी के पिता राधाचरण विश्वकर्मा से चांदी की 12 जोड़ी पायल और 58 बिछिया जब्त की गईं। कुल बरामद मशरूके की कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने मुख्य आरोपी के कब्जे से अवैध कट्टा और जिंदा कारतूस भी बरामद किया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।