टीकमगढ़ कलेक्ट्रेट में सोमवार दोपहर से टीएल बैठक का आयोजन किया जा रहा था। कलेक्टर अवधेश शर्मा की मौजूदगी में बैठक चल रही थी। तभी बैठक में बैठे नायब तहसीलदार मनीष जैन को अचानक सीने में दर्द होने लगा और बैठे-बैठे ही वह बेहोश होने लगे। बगल में बैठे अधिकारियों ने जब देखा तो तुरंत उन्हें टीकमगढ़ जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां पर उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया।
बता दें कि प्रत्येक सोमवार को टीकमगढ़ कलेक्ट्रेट मैं बैठक का आयोजन कलेक्टर की अध्यक्षता में किया जाता है। इस बैठक में हर विभाग की टाइम लिमिट में होने वाले कार्यों की समीक्षा की जाती है। इसी दौरान नायब तहसीलदार मनीष जैन के सीने में दर्द होने लगा। उनके आसपास बैठे कर्मचारियों ने कुर्सी पर बेहोश होते देखा तो तुरंत कलेक्टर को सूचना दी गई। इसके बाद कलेक्टर ने तहसीलदार गोविंद सिंह ठाकुर सहित अन्य अधिकारियों को तुरंत अस्पताल ले जाने का आदेश दिया। इसके बाद अधिकारी मनीष जैन को लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया है।
नायब तहसीलदार की हालत ठीक : सिविल सर्जन
टीकमगढ़ जिला चिकित्सालय के सिविल सर्जन डॉक्टर अमित शुक्ला ने बताया कि नायब तहसीलदार मनीष जैन को आईसीयू में भर्ती कराया गया है। उनकी प्राथमिक जांच के तौर पर शुगर, ब्लड प्रेशर और ईसीजी की गई है, जो नॉर्मल है। उन्होंने बताया कि यह उनका गैस का दर्द है। फिलहाल, आराम के लिए उन्हें टीकमगढ़ जिला चिकित्सालय में रखा गया है और उनकी हालत ठीक है। डॉक्टर अमित शुक्ला ने बताया कि खान-पान के चलते इस तरह की समस्या आ जाती है। अगर कोई व्यक्ति खान-पान में लापरवाही बरतता है और शरीर के प्रति गंभीर नहीं रहता है तो इस तरह की समस्या गैस बनने के कारण होती है, जिसमें सीने में दर्द होने लगता है।
विवादों से रहा है नाता
नायब तहसीलदार मनीष जैन जब टीकमगढ़ जिले की मोहनगढ़ तहसील में पदस्थ थे। उनके कई विवाद चर्चाओं में रहे हैं। किसानों के साथ विवाद होना और किसानों को परेशान करना उनकी दिनचर्या में शामिल रहा है, जिसको लेकर किसानों ने कई बार उच्च अधिकारियों से शिकायत भी की है।