जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। मोहनगढ़ रोड स्थित सरकारी शराब दुकान पर बीती रात करीब 9 बजे कुछ आरोपियों ने सेल्समैन पर रिवॉल्वर से फायरिंग कर दी। इसके बाद आरोपी दुकान के अंदर घुसे और शराब की बोतलें लूटकर फरार हो गए। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। गनीमत रही कि फायरिंग के दौरान सेल्समैन बाल-बाल बच गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शिवराजपुर गांव का निवासी कुलदीप यादव अपने कुछ साथियों के साथ शराब दुकान पर पहुंचा था। आरोप है कि दुकान पर पहुंचते ही आरोपियों ने सेल्समैन को निशाना बनाकर फायरिंग की। इसके बाद दुकान के अंदर घुसकर शराब की बोतलें लूट लीं और मौके से फरार हो गए। अचानक हुई इस वारदात से दुकान पर मौजूद कर्मचारी घबरा गए। घटना के सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद मामले ने और तूल पकड़ लिया है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक मुख्य आरोपी कुलदीप यादव को रात करीब दो बजे गिरफ्तार कर लिया गया है। हालांकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी और लूटी गई शराब की बरामदगी को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है।
ये भी पढ़ें: इंदौर: मिलावट करने वाले 17 बड़े कारोबारियों पर प्रशासन का चाबुक, लगा 52 लाख का जुर्माना
सूत्रों के अनुसार आरोपी को भारतीय जनता पार्टी के एक युवा नेता का चचेरा भाई बताया जा रहा है। यह भी दावा किया जा रहा है कि उसके खिलाफ पहले से शराब से जुड़े कई मामले दर्ज हैं और वह लंबे समय से शराब तस्करी में संलिप्त रहा है। इन दावों की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है। किसी भी आरोपी के खिलाफ पूर्व के मामलों या राजनीतिक संबंधों के आधार पर वर्तमान अपराध में उसकी भूमिका को अंतिम रूप से तय नहीं किया जा सकता।
जिले में शराब दुकानों को निशाना बनाकर सामने आ रही घटनाओं ने कानून व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। दिनदहाड़े लूट की घटना के बाद रात में फायरिंग कर शराब की बोतलें लूटने का मामला सामने आने से व्यापारियों और कर्मचारियों की सुरक्षा पर चिंता बढ़ी है।सबसे बड़ा सवाल यह है कि अपराधियों में कानून का भय बनाए रखने के लिए पुलिस क्या कदम उठा रही है? अब पुलिस की जांच, अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी और हथियार की बरामदगी पर लोगों की नजरें टिकी हैं।