दराज में रखा देसी शराब का क्वार्टर
टीकमगढ़ परिवहन कार्यालय में एक बाबू अपनी टेबल की दराज में देसी शराब के क्वार्टर रखता है, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। लोग बताते हैं कि वह शराब के नशे में ड्यूटी करने आता है।
शुक्रवार की सुबह से सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें वायरल हो रही हैं, जो टीकमगढ़ आरटीओ कार्यालय की बताई जा रही हैं। इनमें सहायक ग्रेड तीन अंकित उपाध्याय शराब के नशे की हालत में कार्यालय पहुंचे और अपना काम शुरू कर दिया। इतना ही नहीं, उनकी टेबल में बनी दराज में कागज रखने की जगह देसी शराब के क्वार्टर रखे हुए थे। यह तस्वीर गुरुवार की बताई जा रही है। तस्वीरें वायरल होने के बाद टीकमगढ़ जिले के प्रभारी परिवहन अधिकारी सुनील शुक्ला ने कहा कि यह मामला उनके संज्ञान में आया है। उन्होंने बताया कि बाबू अंकित उपाध्याय की नियुक्ति डेढ़ साल पहले अनुकंपा के आधार पर हुई थी। इसके पहले उनके पिता राजकुमार उपाध्याय टीकमगढ़ आरटीओ कार्यालय में पदस्थ थे। उन्होंने कहा कि कई बार अंकित को समझाइश दी गई है, लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आता है।
बाबू के चेंबर में टेबल की दराज में रखी थी शराब
वायरल तस्वीरों में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि आरटीओ कार्यालय में पदस्थ बाबू अंकित उपाध्याय की टेबल की दराज में देसी शराब का क्वार्टर रखा हुआ था। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि वह काम के दौरान गेट बंद करके शराब का सेवन कर लेता है, जिससे काम कराने आए लोगों से कई बार उसका विवाद भी होता है।
आरटीओ बोले-जांच करेंगे
प्रभारी आरटीओ सुनील शुक्ला का कहना है कि यह तस्वीरें उनके संज्ञान में आई हैं। वह इस मामले की जांच करके आगे की कार्रवाई करेंगे। उन्होंने बताया कि तीन जिलों का प्रभार होने के कारण वे टीकमगढ़ में कम समय दे पाते हैं। इस मामले को गंभीरता से लेकर पूरी जांच कराई जाएगी, और अगर बाबू दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
दराज में रखा देसी शराब का क्वार्टर
दराज में रखा देसी शराब का क्वार्टर