मकर संक्रांति पर्व से पहले श्रद्धालुओं की सुविधा और स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से नगर पालिका अध्यक्ष अब्दुल गफ्फार उर्फ पप्पू मलिक के नेतृत्व में नगर से कुंडेश्वर धाम तक विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत नगर पालिका की टीम ने मुख्य सड़कों, मार्ग किनारे पड़े कचरे, नालियों और कुंडेश्वर मंदिर परिसर में व्यापक सफाई कार्य किया।
अभियान की खास बात यह रही कि नगर पालिका अध्यक्ष अब्दुल गफ्फार पप्पू मलिक स्वयं मौके पर मौजूद रहे और उन्होंने सफाई कार्य में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। उन्होंने कुंडेश्वर मंदिर परिसर में साफ-सफाई कर भगवान कुंडेश्वर के दर्शन भी किए।
नगर पालिका अध्यक्ष ने बताया कि मकर संक्रांति के अवसर पर हर वर्ष हजारों की संख्या में श्रद्धालु कुंडेश्वर धाम पहुंचते हैं। श्रद्धालु कुंडेश्वर नदी में स्नान कर भगवान कुंडेश्वर की पूजा-अर्चना करते हैं। ऐसे में मंदिर परिसर और वहां तक पहुंचने वाले मार्गों का स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित होना अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने बताया कि नगर से कुंडेश्वर धाम तक जाने वाले मार्ग और आसपास के क्षेत्रों में लंबे समय से काफी मात्रा में कचरा जमा हो गया था, जिससे श्रद्धालुओं को आने-जाने में परेशानी हो सकती थी। इसे देखते हुए स्वयं मौके पर रहकर सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराई गई। विशेष रूप से पैदल आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सड़क किनारे, नालियों और सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई पर विशेष जोर दिया गया।