टीकमगढ़ जिले के पुलिस थाना जतारा के अंतर्गत आने वाले गुड़ा गांव में रविवार दोपहर दो सगे भाइयों की उर नदी में डूबने से मौत हो गई है। जिन्हें नजदीकी सरकारी अस्पताल जतारा ले जाया गया, जहां पर डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया है।
मृतक बच्चों के पिता विषन सपेरा ने बताया कि वह लार गांव के रहने वाले हैं। गुड़ा गांव में जमीन रखवाली के लिए लिए थे, जहां परिवार के सभी सदस्य फसल की रखवाली कर रहे थे। इस दौरान छोटा बेटा देवेंद्र (5) उर नदी में नहाने के लिए चला गया, वह डूबने लगा तो उसे बचाने के लिए बड़ा बेटा रोहन (7) भी नदी में कूद गया।
दो भाइयों को डूबता देख तीसरा भाई दौड़ते हुए उनके पास खेत पर आया और घटना की जानकारी दी। जब तक वह मौके पर पहुंची दोनों पानी में डूब गए थे। पिता व अन्य लोगों ने उन्हें बाहर निकाला और तुरंत सरकारी अस्पताल जतारा ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई करने के बाद दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए।