थाने का घेराव करने पहुंचे आक्राेशित ग्रामीण
- फोटो : अमर उजाला
जिले के दिगौड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत भगवंतपुरा गांव में मामूली विवाद ने एक युवक की जान ले ली। फ्री में मछली न देने पर हुए विवाद में घायल हुए युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजन और ग्रामीण मृतक का शव लेकर थाने पहुंचे और हत्या का मामला दर्ज करने की मांग को लेकर करीब चार घंटे तक प्रदर्शन किया। ग्रामीणों के दबाव के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार भगवंतपुरा गांव निवासी बबलू केवट 27 मई की शाम गांव के पास स्थित एक नाले में मछली पकड़ रहा था। इसी दौरान पड़वार गांव निवासी सुभाष यादव वहां पहुंचा और बबलू पर मुफ्त में मछली देने का दबाव बनाने लगा। बबलू ने जब मछली देने से इंकार कर दिया तो दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद के दौरान सुभाष यादव ने बबलू पर पत्थर से हमला कर दिया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई।
घटना के बाद घायल बबलू को तत्काल जिला चिकित्सालय टीकमगढ़ ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे झांसी रैफर किया, जहां से आगे बेहतर उपचार के लिए ग्वालियर मेडिकल कॉलेज भेजा गया। इलाज के दौरान रविवार दोपहर बबलू की मौत हो गई।
ये भी पढ़ें: Indore News: गंभीर नदी के लिए प्रशासन का मेगाप्लान, इंदौर में पानी की किल्लत खत्म करने में मिलेगी मदद
मौत की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। रविवार रात करीब 8 बजे मृतक के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण शव लेकर सीधे दिगौड़ा थाना पहुंच गए। उन्होंने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने की मांग करते हुए थाने का घेराव कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों का आरोप था कि पहले पुलिस गंभीर धाराओं में कार्रवाई करने से बच रही थी।
करीब चार घंटे तक चले प्रदर्शन और हंगामे के बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया। रात लगभग 12 बजे पुलिस ने आरोपी सुभाष यादव के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया। इसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ और परिजन शव का अंतिम संस्कार करने के लिए रवाना हुए।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है, हालांकि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बताई जा रही है। ग्रामीणों ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।