खंडवा के श्रीराम उप्रीत की उम्र महज़ साढ़े तीन साल है लेकिन उनके कारमाने कुछ ऐसे हैं कि आप भी सुन कर दांतों तले उंगलियां दबा लेंगे। सर्वोदय कॉलोनी में रहने वाले अशोक और वर्षा का बेटा इलाके भर में चर्चा का विषय बना हुआ है।
अंग्रेजी अखबार TOI के मुताबिक श्रीराम इलाके में घूमने वाले आवारा सांडों के सींग पकड़ लेता है, उनका कान उमेठ देता है और उनकी पीठ पर सवार हो जाता है।
जिस उम्र में बच्चे घर पर खिलौनों से खेलते हैं उस उम्र में वो सड़कों पर घूमने वाली गायों और सांडों के साथ खेलता है। उसे ऐसा करते देख लोग सड़कों पर रुक जाते हैं।
उसके माता पिता इस स्थिति से परेशान हो जाते हैं, पड़ोसी उसकी चिंता करते हैं और राहगीर उसकी हरकतों को देख कर ठगे से रह जाते हैं। सब उससे ऐसा करने के लिए मना करते हैं लेकिन वह किसी की बात नहीं मानता।
एलकेजी में पढ़ने वाला श्रीराम आराम से इन जानवरों के साथ खेलता है और घुल मिल जाता है।
मनोचिकित्सक डॉक्टर मनीष जैन के मुताबिक,"बच्चे हर चीज में खेल देखते हैं। इसी कारण यह बच्चा सांडों से नहीं डरता है। हम बच्चों को डराने का प्रयास करते रहते हैं और उनके दिमाग में डर बैठ जाता है लेकिन श्रीराम के केस में ऐसा नहीं है।"
उसके परिजन बताते हैं कि वह ऐसा दो साल की उम्र से कर रहा है, हमने उसे रोकने की कोशिश की लेकिन असफल रहे।