देश के दक्षिण राज्यों में मॉनसून आ जाने के बावजूद तमाम हिस्सों में प्रचंड गर्मी का प्रकोप देखने को मिल रहा है। गर्मी न सिर्फ बेहद परेशान करने वाली है, बल्कि अब तो प्राणघातक भी हो चुकी है। मध्यप्रदेश में गर्मी के कारण कई लोगों की मौत होने का मामला सामने आया है।
ऐसी भयंकर गर्मी में दक्षिण की ओर से आ रही खबरें ही लोगों को राहत दे रहीं हैं। माैसम विशेषज्ञ एसके नायक ने बताया कि मानसून ने लक्ष्यद्वीप और दक्षिणी अरब सागर, केरल के ज्यादातर हिस्से, तमिलनाडु, बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्व, दक्षिण-पश्चिम, मध्य पूर्व, उत्तर पूर्व हिस्से कवर कर लिए हैं। इसके अलावा पूर्वाेत्तर के मिजाेरम और मणिपुर के भी कुछ भागाें में मॉनसून की फुहारों ने दस्तक दे दी है।
हालांकि इसके साथ ही वरिष्ठ माैसम वैज्ञानिक एके शुक्ला ने बताया कि पूर्वोत्तर में अगले दाे दिन तक ऐसी ही तपिश के आसार हैं। इसके बाद धीरे-धीरे तापमान में कमी आएगी।