भोपाल के 11 नंबर स्थित न्यू भोपाल ब्लड बैंक में लोगों का मानक से ज्यादा खून निकालने का मामला सामने आया है। हैरत की बात है कि यहां घरेलू तराजू से तौलकर ब्लड निकाला जा रहा था।
ब्लड बैंक के खिलाफ मामला दर्ज कर स्वास्थ्य विभाग को इसकी सूचना दी गई है। नापतौल विभाग को शिकायत मिली थी कि 11 नंबर स्थित न्यू ब्लड बैंक में बिना मानक नापतौल यंत्रों के लोगों का खून निकाला जा रहा है।
सामान्य तौर पर किसी भी शख्स का एक पैकेट में 350 ग्राम से ज्यादा खून नहीं लिया जा सकता। इसके लिए डिजिटल और आधुनिक तौल यंत्रों का उपयोग होता है, लेकिन न्यू भोपाल ब्लड बैंक में घरेलू उपयोग के तराजू से ब्लड को तौला जाता था।
ब्लड बैंक में छानबीन करते नापतौल विभाग के अफसरों को अलग-अलग मात्रा का खून निकला हुआ पैकेट मिला।
जांच के दौरान ब्लड बैंक के फ्रिज से दो पैकेटों में रखा खून जब्त किया गया। यह पैकेट 350-350 ग्राम के थे। एक पैकेट में 7 ग्राम कम और दूसरे पैकेट में 1 ग्राम खून अधिक था।
विभाग ने दोनों पैकेट जब्त कर ब्लड बैंक के खिलाफ केस दर्ज किया है।