मध्यप्रदेश में एक पिछड़े गांव के स्कूली बच्चे ने प्रधानमंत्री मोदी को खत लिखकर अपने मन की बात कही है। मोदी को संबोधित खत में छात्र ने लिखा कि 'प्रिय मोदी जी हमें कुछ थालियां दिलवा दी जाएं ताकि हम स्कूल में आराम से मध्याह्न भोजन कर सकें।'
छात्र ने लिखा 'हमारे स्कूल में बहुत सारे बच्चे हैं लेकिन थालियां कम हैं इसके चलते एक बार कुछ बच्चे ही भोजन कर पाते हैं जबकि बाकी भूखे रह जाते हैं। इसलिए हमें कुछ थालियां दिलवाई जाएं जिससे हम लोग एक साथ भोजन कर सकें।'
टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के अनुसार रायसेन जिले के गैरतगंज में स्थित गर्वनमेंट मिडिल स्कूल में कक्षा आठ के छात्र गणेश अहिरवार ने प्रधानमंत्री मोदी को पोस्टकार्ड खिलकर अपने मन की बात कही है। वहीं उसकी क्लास की ही छात्र अर्चना कुमार ने प्रधानमंत्री को भेजे एक खत में स्कूल की बाउंड्री वाल बनवाने की मांग की है जिससे स्कूल में पढ़ने वाले बच्चे बाहर चलने वाले वाहनों से सुरक्षित रह सकें।