मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के भाजपा में जाने की अटकलों के बीच कांग्रेस नेताओं की धड़कन बढ़ गई है। सियासी हलचल को लेकर ग्वालियर कांग्रेस जिला अध्यक्ष और विधायक डॉ सतीश सिकरवार ने आनन फानन में एक गोपनीय बैठक महापौर के बंगले पर बुलाई। 3 घंटे से अधिक चली बैठक के बाद सभी नेताओं ने एक स्वर में कहा हम कांग्रेस की सिपाही हैं और कांग्रेस में ही रहेंगे।
बैठक में महापौर डॉ शोभा सिकरवार, विधायक सतीश सिकरवार, प्रदेश महासचिव सुनील शर्मा समेत 25 से अधिक कांग्रेस पार्षद और नेता शामिल हुए। करीब 3 घंटे तक चली बैठक को लेकर सियासी गलियारों में चर्चा है कि कमलनाथ अगर पार्टी छोड़ते हैं तो ग्वालियर से कांग्रेस विधायक सतीश सिंह सिकरवार और उनकी मेयर पत्नी शोभा सिकरवार भी पार्टी छोड़ देंगी।
हालांकि, इन खबरों पर कांग्रेस विधायक सतीश सिकरवार और उनकी महापौर पत्नी शोभा सिंह सिकरवार ने विराम दिया है। उन्होंने खुद को कांग्रेस का सच्चा सिपाही बताया और कहा कि वह कांग्रेस के साथ हैं। कमलनाथ के पार्टी छोड़ने की अटकलों पर उन्होंने कहा कि वे जा रहे होंगे। क्या परिस्थितियां रही होगी यह वो ही जानते हैं। वहीं, विधायक की पत्नी और ग्वालियर महापौर शोभा सिकरवार ने कहा कि जो खबरें उनके बारे में चल रही हैं, वह निराधार हैं।
कांग्रेस जिला अध्यक्ष देवेंद्र शर्मा ने कहा कि कमलनाथ के विषय में जो खबरें चल रही हैं, वह निराधार हैं। कमलनाथजी कांग्रेस पार्टी के साथ ही रहेंगे। आपात बैठक बुलाए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह बैठक राहुल गांधी की न्याय यात्रा के संदर्भ में रखी गई थी। वहीं, नगर निगम का 20 फरवरी को बजट पेश होना है, इसे लेकर सभी पार्षदों के साथ चर्चा की गई है। बैठक समाप्त होने के बाद कांग्रेस पार्टी जिंदाबाद और राहुल गांधी जिंदाबाद के नारे भी लगाए गए।
गौरतलब है कि एक सप्ताह पहले केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने पांच कांग्रेस और निर्दलीय पार्षदों को भाजपा में शामिल करा दिया था। कांग्रेस से जुड़े लोगों के भाजपा में शामिल होने का सिलसिला लगातार चल रहा है।