बैढ़न स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र में 17 अप्रैल को हुई सनसनीखेज डकैती के मामले में सिंगरौली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने डकैती के मुख्य आरोपियों में शामिल फंटूस कुमार यादव उर्फ ननकी (22), पिता रामइकबाल यादव, निवासी खीरूबिगहा, जिला नालंदा (बिहार) को गिरफ्तार किया है। आरोपी को 1 सितंबर को हिलसा बाजार, थाना हिलसा, जिला नालंदा से पकड़ा गया।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने 79 हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन, वारदात में इस्तेमाल दो अपाचे मोटरसाइकिल और हेलमेट बरामद किया है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने डकैती की योजना, घटनास्थल की रेकी और वारदात के बाद फरारी से जुड़े कई महत्वपूर्ण खुलासे किए हैं।
डकैती से पहले की थी बैंक की रेकी
झारखंड में छोड़ दी थीं दोनों बाइकें
वारदात के बाद आरोपी मोटरसाइकिलों से फरार हुए। पुलिस के मुताबिक भागते समय उन्होंने घटना में इस्तेमाल दोनों मोटरसाइकिलों को झारखंड के गढ़वा जिले के मेराल थाना क्षेत्र में लावारिस हालत में छोड़ दिया था। 25 अप्रैल 2026 को मेराल थाना क्षेत्र में तालाब के पास दो मोटरसाइकिल और एक हेलमेट लावारिस हालत में मिले थे। मेराल पुलिस ने इन्हें सुरक्षा की दृष्टि से थाने में रख लिया था। सिंगरौली पुलिस ने आरोपी से पूछताछ और पुलिस रिमांड के बाद दोनों मोटरसाइकिलों को बरामद कर जब्त किया।
हिस्से में आए 79 हजार रुपये बरामद
पुलिस ने पूछताछ के बाद फंटूस के हिस्से में आई डकैती की रकम में से 79 हजार रुपये नकद और मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस अब उससे डकैती की बाकी रकम और लूटे गए अन्य सामान के संबंध में पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर मामले में शामिल अन्य आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
बिहार से जुड़े डकैती के तार
बैंक ऑफ महाराष्ट्र डकैती की जांच में सिंगरौली पुलिस पहले भी बिहार से आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। फंटूस की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को डकैती की साजिश, रेकी, वारदात को अंजाम देने और घटना के बाद फरारी के रास्ते से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। पुलिस अब पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुंचने में जुटी है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई
कार्रवाई पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा, पुलिस महानिरीक्षक गौरव राजपूत और उपपुलिस महानिरीक्षक हेमंत सिंह चौहान के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक शियाज के.एम. के मार्गदर्शन में की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा और नगर पुलिस अधीक्षक हेमन्त कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को नालंदा, बिहार से गिरफ्तार किया।