मोरवा थाना क्षेत्र में एनसीएल की शिवकुंज कॉलोनी के नीचे सड़क किनारे लगे मोबाइल टॉवर पर मंगलवार शाम एक 19 वर्षीय युवती चढ़ गई। युवती को टॉवर पर देख स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और नगर निगम की टीम ने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतारा।
जानकारी के अनुसार, युवती के टॉवर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही मोरवा पुलिस मौके पर पहुंची और उसे नीचे उतरने के लिए समझाने लगी। हालांकि, जब भी कोई उसके करीब जाने की कोशिश करता, वह और ऊपर चढ़ जाती थी। टॉवर के चारों ओर नुकीली जाली लगी थी, जबकि नीचे कांटेदार झाड़ियां और कीचड़ होने से हादसे की आशंका बनी हुई थी।
ये भी पढ़ें-
आईएएस-आईपीएस तबादले: सागर-देवास में शराब से मौत के बाद कलेक्टर-एसपी को हटाया, दिलीप यादव को फिर फील्ड पोस्टिंग
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नगर निगम प्रशासन को भी मौके पर बुलाया गया। करीब डेढ़ घंटे बाद मोरवा थाने के प्रधान आरक्षक श्याम सुंदर वैश्य तीन अन्य लोगों के साथ टॉवर पर चढ़े और युवती को समझाया। काफी प्रयास के बाद वह नीचे उतरने के लिए तैयार हुई।
दो दिन से प्रेमी के बात नहीं करने से थी नाराज
पुलिस के अनुसार, युवती की पहचान रीतू बैगा (19), निवासी पिपरखड़ के रूप में हुई है। वह बैढ़न क्षेत्र के एक ईंट-भट्ठे में काम करती है। युवती ने पुलिस को बताया कि वह मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे बस से मोरवा पहुंची थी। उसका मोरवा के पिडताली निवासी संतराम विश्वकर्मा से प्रेम प्रसंग चल रहा है। युवती के मुताबिक, संतराम पिछले दो दिनों से उससे बातचीत नहीं कर रहा था, जिससे वह नाराज थी। घटना के बाद पुलिस युवती की काउंसलिंग करने और उसके परिजनों को सूचना देकर मौके पर बुलाने की कार्रवाई में जुटी रही।