विंध्यनगर थाना क्षेत्र की जयंत चौकी अंतर्गत बजरंग परिसर में गुरुवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब हथियारबंद चार बदमाशों ने कंचन ज्वेलर्स में घुसकर लूट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने दुकान में काम कर रहे कर्मचारी राहुल विश्वकर्मा को गोली मार दी और बंदूक के बट से उसके सिर पर हमला कर दिया। कर्मचारी के घायल होकर अचेत होने के बाद बदमाश शोकेस में रखे सोने-चांदी के आभूषण समेटकर मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार गुरुवार शाम करीब 7 बजे चार हथियारबंद बदमाश कंचन ज्वेलर्स में दाखिल हुए। दुकान में मौजूद लोगों को हथियार दिखाकर धमकाने के बाद बदमाशों ने कर्मचारी राहुल विश्वकर्मा को निशाना बनाया। इस दौरान चलाई गई गोली राहुल के हाथ में लगी। इसके बाद बदमाशों ने उसके सिर पर बंदूक के बट से वार कर दिया, जिससे वह घायल होकर अचेत हो गया। वारदात के बाद दुकान में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बदमाशों ने इसी दौरान शोकेस में रखे सोने-चांदी के आभूषण समेटे और दुकान से बाहर निकलकर फरार हो गए।
ये भी पढ़ें-
बंडा शराब कांड: मौतों के बाद तीर्थयात्रा पर निकला मौत का सौदागर, पुलिस को ऐसे दे रहा चकमा
घायल कर्मचारी ट्रॉमा सेंटर में भर्ती
घटना के बाद घायल राहुल विश्वकर्मा को उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। इलाज के दौरान कर्मचारी ने पुलिस को वारदात के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि घटना में कुल चार लोग शामिल थे। इनमें से एक बदमाश ने नकाब पहन रखा था।
बैंक डकैती के बाद दूसरी बड़ी वारदात से बढ़ी पुलिस की सक्रियता
बैढ़न में बैंक डकैती की वारदात के बाद जयंत में ज्वेलरी शॉप में हुई लूट की घटना ने पुलिस की सक्रियता बढ़ा दी है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू की। जिले से बाहर जाने वाले प्रमुख मार्गों पर निगरानी बढ़ाई गई है। आने-जाने वाले वाहनों तथा संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की जा रही है। पुलिस टीमों द्वारा ज्वेलरी शॉप और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। बदमाश किस दिशा में भागे और उन्होंने कौन सा रास्ता अपनाया, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस द्वारा संभावित मार्गों पर भी निगरानी बढ़ाई गई है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। वारदात में कितने मूल्य के आभूषण लूटे गए, इसका विस्तृत आकलन भी पुलिस और दुकान संचालक की ओर से किया जा रहा है।