शिवपुरी शहर के झांसी तिराहे के पास मामूली विवाद को लेकर एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ युवकों ने पहले युवक की आंखों में मिर्च झोंकी और फिर उसके साथ मारपीट करते हुए पीठ में चाकू से कई वार कर दिए। हमले में घायल युवक को उसका बड़ा भाई तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां उसका इलाज जारी है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, घायल युवक की पहचान मनोज धाकड़, निवासी नवाब साहब रोड, के रूप में हुई है। घायल के भाई विनोद धाकड़ के मुताबिक, बीती रात मनोज की कुछ युवकों से मामूली कहासुनी हुई थी। बताया जा रहा है कि गाली-गलौज करने से मना करने को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी विवाद के चलते शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे झांसी तिराहे के पास मनोज को कुछ युवकों ने घेर लिया।
ये भी पढ़ें-
शहडोल: कबाड़ के ठिकाने पर पुलिस की दबिश, 20 लाख से ज्यादा का माल जब्त; मेरठ का आरोपी हिरासत में
परिजनों के अनुसार, हमलावरों ने पहले मनोज की आंखों में मिर्च झोंक दी। इसके बाद उसके साथ मारपीट की गई और चाकू से पीठ पर वार कर दिए गए। घटना रामजी लाल और प्रदीप कुमार की सरिया दुकान के पास होने की बात सामने आई है। हमले में मनोज गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद उसका भाई विनोद धाकड़ उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचा।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि हमलावरों ने मनोज को जान से मारने की धमकी भी दी। इस मामले में नवीन कुशवाह और गौरव कुशवाह समेत तीन युवकों के नाम सामने आ रहे हैं। तीनों को कटमई निवासी बताया जा रहा है। हालांकि, आरोपियों की भूमिका और घटना के पूरे घटनाक्रम की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
घटना की सूचना मिलने के बाद मामले को लेकर पुलिस द्वारा जांच की जा रही है। पुलिस आरोपों की पड़ताल करने के साथ ही हमले में शामिल लोगों और विवाद की वास्तविक वजह का पता लगाने में जुटी है। वहीं, घायल मनोज धाकड़ का जिला अस्पताल में उपचार जारी है।अब देखने वाली बात होगी कि पुलिस इस मामले में आरोपियों के खिलाफ क्या कार्रवाई करती है और घटना के पीछे की पूरी सच्चाई जांच में क्या सामने आती है। स्थानीय लोगों के बीच भी इस घटना को लेकर चर्चा बनी हुई है।