Shivpuri: पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि वह और रजत लंबे समय से संपर्क में थे। युवती के अनुसार, दोनों परिवारों को इनके संबंधों की जानकारी थी और शादी की सहमति भी बन गई थी। इस बीच युवती के भाई को कैंसर हो गया, जिसके चलते रजत ने शादी टाल दी।
शहर की नगरपालिका अध्यक्ष और भाजपा नेता गायत्री शर्मा के बेटे रजत शर्मा पर दुष्कर्म का मामला दर्ज होने के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है। शुक्रवार को जिला कांग्रेस कमेटी और पार्षदों ने विरोध रैली निकालकर नगर पालिका कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने रजत शर्मा की तत्काल गिरफ्तारी और उनके घर पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग करते हुए कलेक्टर रविंद्र कुमार चौधरी को ज्ञापन सौंपा।
कांग्रेस जिला अध्यक्ष विजय सिंह चौहान ने आरोप लगाया कि आरोपी की गिरफ्तारी में देरी सरकार की दोहरी नीति को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि जब आम लोगों पर कार्रवाई में सरकार बुलडोजर चलवा सकती है, तो इस मामले में अब तक चुप्पी क्यों है? उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस बड़ा आंदोलन करेगी।
दुष्कर्म का मामला दर्ज
शिवपुरी की कोतवाली पुलिस ने वार्ड क्रमांक 7, शिव कॉलोनी निवासी एक युवती की शिकायत पर भाजपा नगर पालिका अध्यक्ष के बेटे रजत शर्मा के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया है। युवती का आरोप है कि रजत ने शादी का झांसा देकर उससे शारीरिक संबंध बनाए और इन संबंधों की वीडियो भी बनाई।
शादी का वादा, फिर धोखा
पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि वह और रजत लंबे समय से संपर्क में थे। युवती के अनुसार, दोनों परिवारों को इनके संबंधों की जानकारी थी और शादी की सहमति भी बन गई थी। इस बीच युवती के भाई को कैंसर हो गया, जिसके चलते रजत ने शादी टाल दी। भाई के निधन के बाद जब युवती ने शादी की बात दोहराई तो रजत टालमटोल करने लगा। इसी के बाद उसने पुलिस से शिकायत की।