शिवपुरी जिले के सड़खड़पुर गांव निवासी सेना के हवलदार राजेश यादव की बेंगलुरु स्थित आर्मी बेस में करंट लगने से मौत हो गई। 33 वर्षीय राजेश शनिवार सुबह करीब 4 बजे ड्यूटी के लिए जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में क्षतिग्रस्त बिजली के तार की चपेट में आने से उन्हें करंट लग गया।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद साथी जवानों में अफरा-तफरी मच गई। जवानों ने तत्काल राजेश को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
राजेश यादव वर्ष 2008 में भारतीय सेना में भर्ती हुए थे। करीब 18 वर्षों की सैन्य सेवा के दौरान उन्होंने देश के अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी जिम्मेदारी निभाई। वे कश्मीर में भी तैनात रह चुके थे। पिछले करीब एक वर्ष से उनकी पोस्टिंग बेंगलुरु स्थित आर्मी बेस में थी।
राजेश के निधन की खबर सड़खड़पुर गांव पहुंचते ही परिवार और ग्रामीणों में शोक की लहर दौड़ गई। परिचित और रिश्तेदार परिवार को सांत्वना देने पहुंचने लगे। ग्रामीणों ने राजेश की सैन्य सेवा और देश के प्रति उनके योगदान को याद किया।
पढे़ं: गोरकर बंधुओं के दोहरे हत्याकांड के फरार आरोपियों से पुलिस की मुठभेड़, दोनों के पैर में लगी गोली
राजेश के परिवार में पत्नी के अलावा 12 वर्षीय बेटी और 7 वर्षीय बेटा है। दोनों बच्चे अपनी मां और दादा-दादी के साथ पैतृक गांव सड़खड़पुर में रहते हैं। राजेश की अचानक मौत से परिवार में मातम का माहौल है।
राजेश यादव के शव का पोस्टमार्टम रविवार को बेंगलुरु में किया जाएगा। इसके बाद पार्थिव शरीर को विमान से ग्वालियर एयरपोर्ट लाए जाने की संभावना है। परिजन और ग्रामीण उनके पार्थिव शरीर के गांव पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं।
परिजनों के अनुसार, राजेश का अंतिम संस्कार मंगलवार को उनके पैतृक गांव सड़खड़पुर में किया जाएगा। सेना के जवान को सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई देने की तैयारी है। उनकी अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों के शामिल होने की संभावना है।