शिवपुरी में अभी मिलावटी खाद्य पदार्थों के विरूद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में नापतौल विभाग की टीम ने भी कार्रवाई की। संयुक्त जांच दल, जिसमें नायब तहसीलदार शिवम उपाध्याय एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारी शैलेश गुप्ता के साथ गत दिवस सामूहिक निरीक्षण किया गया।
इंडस्ट्रियल एरिया गुना चुंगी नाका स्थित ऑयल मिल महेश ऑयल प्रोडक्ट्स के निरीक्षण के दौरान अनियमितताएं पाए जाने पर संचालक महेश गुप्ता के विरूद्ध एफआईआर दर्ज की गई है। नापतौल निरीक्षक आरके चतुर्वेदी ने बताया कि निरीक्षण में ऑयल मिल पर निर्माण कर विक्रय के लिए रखे गए पैकेट पर विधिक माप विज्ञान नियम 2011 के अंतर्गत आवश्यक घोषणाएं अंकित नहीं थी एवं नापतौल उपकरण सत्यापित नहीं होने पर कार्रवाई की गई।
इस दौरान टीम द्वारा गोल्डी फ्रेश रिफाइंड सोयाबीन ऑयल, श्री तुलसी रिफाइंड सोयाबीन तेल के पैकेट पर पदार्थ की शुद्ध मात्रा, यूनिट सेल प्राइस, ईमेल एड्रेस अंकित नहीं पाया गया। इसके अलावा उपयोग में लिए जा रहे इलेक्ट्रॉनिक कांटे, सील, पाउच फिलिंग मशीन अमुद्रांकित पाए गए। जो की विधिक माप विज्ञान अधिनियम 2009 के तहत उल्लंघन एवं दंडनीय अपराध है। इस अनियमितता पर संबंधित पर कार्रवाई की गई है।