शिवपुरी जिले में मंगलवार को एक साधु आकाश महाराज मुख्यमंत्री के नाम खून से एक पत्र लिखा है। इस पत्र में बच्चियों के साथ दुष्कर्म करने वाले दुष्कर्मियों को फांसी देने की मांग की है। उत्तर प्रदेश के रहने वाले साधु आकाश महाराज ने खून से लिखा हुआ यह पत्र शिवपुरी कलेक्टर को सौंपा है और मुख्यमंत्री को भेजने की मांग की है। मंगलवार को यह पत्र कलेक्टर कार्यालय में जनसुनवाई के दौरान दिया गया।
कलेक्टर को पत्र देने के लिए आए साधु आकाश महाराज ने कहा कि बीते कुछ दिनों से शिवपुरी जिले में बच्चियों के साथ दुष्कर्म की वारदातें बढ़ रही हैं। बीते एक महीने में कई बच्चियों के साथ दुष्कर्म, छेड़छाड़ और अन्य आपराधिक वारदातें हुईं, जिससे वह दुखी हैं। इस घटनाओं को लेकर उन्होंने खून से यह पत्र लिखा है और आरोपियों को कड़ी सजा देने की मांग की है। उन्होंने बताया कि ऐसे लोगों को फांसी की सजा दी जानी चाहिए।
यह भी पढ़ें: खनिज अधिकारी पर कार्रवाई की मांग को लेकर 13 दिन से जारी है पत्रकारों का आंदोलन, सागर बंद का हुआ आयोजन
सजा नहीं देंगे तो यह समाज के लिए खतरा
खून से पत्र लिखने वाले आकाश महाराज ने बताया कि बीते कुछ दिनों से बढ़ते दुष्कर्म के मामले चिंता का विषय है। आज इन अपराधियों के कारण बेटी और बहनों की सुरक्षा को लेकर परिवारजन चिंतित हैं। खासकर छोटी बच्चियों के पिता और उनके भाई चिंतित हैं। इसलिए इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए और उन्हें फांसी की सजा दी जाए, जिससे इस तरह के अपराधों को रोका जा सके।
यह भी पढ़ें: मोजरवेयर कंपनी में भूस्वामियों के रोजगार को लेकर विधानसभा में उठा मामला, अनूपपुर विधायक ने कही ये बात
साधु आकाश महाराज ने कहा कि आज इन अपराधियों को सजा नहीं देंगे तो यह समाज के लिए खतरा बन जाएंगे। इसलिए कड़े कानून की आवश्यकता है। मंगलवार को खून से लिखा हुआ पत्र साधु आकाश महाराज ने कलेक्टर को सौंपा। आकाश महाराज ने मुख्यमंत्री और कलेक्टर दोनों से इस मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है।